
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में शुक्रवार को शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो वांछित बदमाश मारे गए, जबकि फायरिंग में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
ट्रेन में होने की सूचना पर की गई थी घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई को इटावा में एक डॉक्टर से लूट की घटना के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि सुमित और अंकित उर्फ सीपू फरार थे।शुक्रवार को सूचना मिली कि दोनों गाजियाबाद से झारखंड जा रही संबलपुर एक्सप्रेस में सवार हैं। इसके बाद इटावा एसओजी और पुलिस टीम ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
पुलिस पर फायरिंग, दो सिपाही घायल
घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान एसओजी के सिपाही डेविड चौहान के पेट में गोली लगी। जवाबी कार्रवाई के दौरान दूसरे पुलिसकर्मी पुष्पेंद्र चौधरी के कंधे में भी गोली लगी।घायल डेविड चौहान को गंभीर हालत में पहले जिला अस्पताल और बाद में आगरा रेफर किया गया, जबकि पुष्पेंद्र चौधरी का इलाज फिरोजाबाद के एक निजी ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
भागते समय बच्चे को बनाया ढाल
एडीजी एस.के. भगत के अनुसार, फायरिंग के बाद दोनों आरोपी ट्रेन से उतरकर भागने लगे। आरोप है कि भागने के दौरान उन्होंने एक बच्चे को पकड़कर ढाल बनाया और पुलिस को धमकी दी। बाद में बच्चे को छोड़कर एक बाइक सवार से मोटरसाइकिल छीन ली और फरार होने का प्रयास किया।
दो अलग-अलग स्थानों पर दोनों बदमाश ढेर
पुलिस ने पीछा जारी रखा। पहला आरोपी एक खेत में छिपकर पुलिस पर फायरिंग करने लगा, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।दूसरा आरोपी करीब दो किलोमीटर दूर बाइक छोड़कर दूसरे खेत में छिप गया। कई थानों की पुलिस और एसओजी ने घेराबंदी कर उसे भी मुठभेड़ में मार गिराया।
दोनों आरोपियों पर कई आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, मारे गए दोनों आरोपी सुमित और अंकित इटावा के रहने वाले थे और उनके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।



