Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: झारखंड में एसटी आरक्षित सीटें 28 से बढ़ाकर 42 करने की मांग, कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने परिसीमन बिल पर उठाए सवाल

जमशेदपुर: झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने केंद्र की भाजपा सरकार पर परिसीमन बिल के माध्यम से राज्य के आदिवासी और अनुसूचित जाति वर्ग के राजनीतिक अधिकारों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस प्रस्ताव का पुरजोर विरोध करेगी। कमलेश रविवार को पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जिला कार्यालय तिलक पुस्तकालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने परिसीमन की प्रक्रिया और केंद्र की नीतियों पर कड़े सवाल उठाए।

आबादी के अनुपात में 42 एसटी सीटों और ओबीसी आरक्षण की मांग

पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि वर्तमान में झारखंड विधानसभा में अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए 28 सीटें आरक्षित हैं। भाजपा के प्रस्ताव में इसे बढ़ाकर 32 करने की बात कही जा रही है, जबकि राज्य की कुल जनसंख्या और आदिवासी आबादी के अनुपात के हिसाब से कम से कम 42 सीटें आरक्षित होनी चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों के आधार पर वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए, और वर्ष 2027 की प्रस्तावित जनगणना के बाद ओबीसी आरक्षण सुनिश्चित करते हुए परिसीमन की प्रक्रिया पूरी की जाए।

संविधान संशोधन और पारदर्शी प्रक्रिया पर नेताओं ने दिया जोर

प्रेसवार्ता में मौजूद पूर्व मंत्री डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और जनसंख्या के वास्तविक आंकड़ों पर आधारित होनी चाहिए, जिसमें महिला आरक्षण के साथ ओबीसी आरक्षण को भी अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए। वहीं, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने संविधान के अनुच्छेद 332 में आवश्यक संशोधन करने की मांग उठाते हुए कहा कि झारखंड को विधानसभा सीटों के निर्धारण में उचित हिस्सेदारी मिलनी चाहिए और आदिवासी व अनुसूचित जाति वर्ग के राजनीतिक अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मतदाता सूची से नाम कटने की जताई आशंका

केशव महतो कमलेश ने जम्मू-कश्मीर के परिसीमन का उदाहरण देते हुए विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव का आरोप लगाया और कहा कि झारखंड के साथ भी इसी तरह के भेदभाव की कोशिश की जा रही है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने मतदाता सूची से करीब 43 लाख एसडीडी (शिफ्टेड, डुप्लीकेट, डेड) मतदाताओं के नाम काटे जाने की आशंका भी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन द्वारा चलाए गए ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के दबाव के बाद ही चुनाव आयोग को इस विषय पर पुनर्विचार करना पड़ा।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस प्रेसवार्ता के दौरान सतीश पाल मुंजनी, अशोक चौधरी, आनंद बिहारी दुबे, अजय सिंह, विजय यादव, रामाश्रय प्रसाद, नट्टू झा और राकेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button