BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: गुदरी मार्केट के पीछे रेलवे क्वार्टर में भीषण आग, सामान जलकर राख

जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के गुदरी मार्केट के पीछे स्थित ट्रैफिक कॉलोनी में शनिवार देर रात एक रेलवे क्वार्टर में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही झारखंड अग्निशमन विभाग की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हालांकि, आग की भयावहता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को भी बुलाना पड़ा।जानकारी के अनुसार, जिस रेलवे क्वार्टर में आग लगी, वहां ट्रेनों में यात्रियों के इस्तेमाल के लिए उपलब्ध कराये जाने वाले तकिये और चादरें रखी हुई थीं। शनिवार देर रात अचानक इसी सामान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। क्वार्टर में रखे कपड़े और अन्य ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैलने लगी।

दो दमकल गाड़ियों से नहीं हुआ काबू

घटना की सूचना पर झारखंड अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी आग की लपटें कम नहीं हुईं। इसके बाद अतिरिक्त दमकल वाहनों को घटनास्थल पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों की टीम लगातार आग बुझाने में जुटी रही।

पुलिस और आरपीएफ पहुंची

आग लगने की सूचना मिलने पर बागबेड़ा थाना प्रभारी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीम आसपास के इलाके में निगरानी कर रही है।

आग के कारणों का पता नहीं

फिलहाल रेलवे क्वार्टर में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग से कितने सामान का नुकसान हुआ है, इसका आकलन भी नहीं किया जा सका है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद रेलवे और स्थानीय पुलिस की ओर से मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button