Bihar INFACTBreakingNews

Bihar: बैंक ऑफ बड़ौदा से करोड़ों की लोन धोखाधड़ी का खुलासा, बिहार-झारखंड से 5 ट्रक बरामद

पटना। हाथीदह थाना पुलिस ने बैंक ऑफ बड़ौदा से ट्रक लोन के नाम पर कथित करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले का खुलासा करते हुए बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों से 5 ट्रक बरामद किए हैं। यह कार्रवाई बैंक द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर की गई।

2.87 करोड़ रुपये का ट्रक लोन, किश्त नहीं जमा होने पर खुला मामला

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में हाथीदह स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा ने स्थानीय थाने में मामला दर्ज कराया था। बैंक का आरोप है कि गोपाल सिंह के नाम पर 6 ट्रकों के लिए 2 करोड़ 87 लाख रुपये का लोन स्वीकृत किया गया और पूरी राशि ट्रक एजेंसी को भुगतान कर दी गई।बाद में जब लोन की किश्तें जमा नहीं हुईं तो बैंक ने गोपाल सिंह से संपर्क किया। गोपाल सिंह ने दावा किया कि उसे ट्रक मिले ही नहीं। वहीं एजेंसी ने बताया कि उसने 5 ट्रक गोपाल सिंह को बिना रिसीविंग लिए ही सौंप दिए थे, जबकि एक ट्रक अभी तक नहीं लिया गया।

पांच ट्रकों की बरामदगी

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ-1 रामकृष्ण के निर्देश पर हाथीदह थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।जांच के दौरान पुलिस ने झारखंड के धनबाद से 2 ट्रक,झारखंड के दुमका (जामा) से 2 ट्रक,बिहार के खगड़िया से 1 ट्रक बरामद किया। इनमें से 3 ट्रकों को जब्त कर हाथीदह थाना लाया गया, जबकि जामा थाना में पहले से जब्त 2 ट्रकों को लाने की प्रक्रिया जारी है।

मुख्य आरोपी को मिली अग्रिम जमानत

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच की जानकारी मिलने के बाद आरोपी गोपाल सिंह ने अग्रिम जमानत ले ली है। पुलिस अब उसकी जमानत रद्द कराने की कानूनी प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है।

बैंक और एजेंसी की भूमिका भी जांच के दायरे में

जांच के दौरान कई सवाल भी उठ रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित धोखाधड़ी में बैंक अधिकारियों या ट्रक एजेंसी की कोई भूमिका तो नहीं थी।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button