Jharkhand: जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज के भूगोल विभाग का दार्जिलिंग-मिरिक शैक्षणिक भ्रमण संपन्न, 28 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

जमशेदपुर: जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज के भूगोल विभाग के स्नातकोत्तर चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों का पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग और मिरिक का पांच दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस भ्रमण में 28 विद्यार्थियों और विभाग के दो शिक्षकों ने हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने पर्वतीय भौगोलिक विशेषताओं, जैव विविधता, स्थानीय कृषि, अर्थव्यवस्था, समाज, संस्कृति और जीवनशैली का प्रत्यक्ष अध्ययन किया।भ्रमण का नेतृत्व भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार चौबे और प्रो. शोभा मोवाल ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों को पर्वतीय पर्यावरण, सह-अस्तित्व और स्थानीय स्तर पर आत्मनिर्भरता से जुड़े विभिन्न पहलुओं की व्यावहारिक जानकारी मिली।
बाजारों में सर्वेक्षण से लेकर सामाजिक-आर्थिक अध्ययन तक
विभागाध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार चौबे ने बताया कि जमशेदपुर से दार्जिलिंग पहुंचने के बाद दूसरे दिन विद्यार्थियों ने स्थानीय बाजारों का भ्रमण किया। इस दौरान साक्षात्कार के माध्यम से सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण किया गया और स्थानीय लोगों की जीवनशैली तथा आजीविका से जुड़े पहलुओं को समझा।तीसरे दिन विद्यार्थियों ने सुबह टाइगर हिल पहुंचकर कंचनजंगा पर्वत पर सूर्योदय का दृश्य देखा। इसके बाद जापानी पगोडा मंदिर का भ्रमण कर शांति के संदेश को जाना। जूलॉजिकल पार्क में दुर्लभ हिमालयी प्रजातियों को देखकर वन्यजीव संरक्षण के महत्व की जानकारी प्राप्त की।
मिरिक में चाय बागान और भारतीय-नेपाल सीमा का अध्ययन
चौथे दिन विद्यार्थियों ने दार्जिलिंग से करीब 35 किलोमीटर दूर मिरिक का भ्रमण किया। यहां पाइन फॉरेस्ट, सिमाना पॉइंट स्थित भारत-नेपाल सीमा, गोपालधारा चाय बागान और मिरिक झील का अवलोकन किया। इस दौरान पर्वतीय क्षेत्र की प्राकृतिक विशेषताओं और स्थानीय अर्थव्यवस्था में पर्यटन एवं चाय बागानों की भूमिका को समझने का अवसर मिला।पांचवें दिन विद्यार्थियों ने बतासिया लूप का भ्रमण किया। यहां टॉय ट्रेन और रेलवे इंजीनियरिंग की विरासत को करीब से देखने का अनुभव प्राप्त किया।
शोध कार्य के लिए जुटाए आंकड़े और तस्वीरें
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने स्थानीय समस्याओं, सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों और पर्वतीय पर्यावरण पर आधारित विभिन्न जानकारियां जुटाईं। अध्ययन क्षेत्र पर शोध प्रबंध तैयार करने के उद्देश्य से विद्यार्थियों ने नोट्स, आंकड़े और फोटोग्राफ भी एकत्र किए।विभाग के अनुसार, इस शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास को बढ़ावा मिला और उन्हें पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर भौगोलिक परिस्थितियों का प्रत्यक्ष एवं व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।
प्राचार्य ने दी पूरी टीम को बधाई
भूगोल विभाग ने इस सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजीव कुमार के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के प्रति आभार व्यक्त किया। प्राचार्य ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा, “भूगोल किताबों का नहीं, धरती को देखने का विषय है और महाविद्यालय भविष्य में भी इस तरह के शैक्षणिक भ्रमणों को बढ़ावा देता रहेगा।”



