Jharkhand: एमजीएम की मोर्चरी में शव की दोनों आंखें चूहों ने कुतरीं, परिजनों ने जांच की मांग की

जमशेदपुर। एमजीएम मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम केंद्र स्थित मोर्चरी में रखे शव की दोनों आंखें क्षतिग्रस्त मिलने से गुरुवार को परिजनों में आक्रोश फैल गया। मृतक की पहचान गम्हरिया के लाल बिल्डिंग निवासी राजू प्रमाणिक के रूप में हुई है। परिजनों ने आशंका जताई है कि मोर्चरी में शव रखे रहने के दौरान चूहों ने उसकी दोनों आंखों को कुतर दिया। आंखों के आसपास खून के निशान भी मिले हैं। घटना के बाद परिजनों ने मामले की उचित जांच की मांग करते हुए शव लेने से इनकार कर दिया।
फांसी लगाने के बाद अस्पताल में हुई थी मौत
परिजनों के अनुसार, राजू प्रमाणिक ने बुधवार दोपहर गम्हरिया स्थित अपने घर में फांसी लगा ली थी। घटना के बाद परिजन उसे जीवित समझकर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे थे। हालांकि, अस्पताल में कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद बुधवार शाम शव को एमजीएम मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम केंद्र स्थित मोर्चरी में रखवा दिया गया। परिजन रात में घर लौट गए थे।
गुरुवार को शव लेने पहुंचे तो क्षतिग्रस्त मिलीं आंखें
गुरुवार को जब परिजन शव लेने पोस्टमार्टम केंद्र पहुंचे तो उन्होंने राजू की दोनों आंखों को क्षतिग्रस्त पाया। आंखों के आसपास खून के निशान भी थे। यह देखकर परिजनों ने नाराजगी जताई और मोर्चरी में चूहों द्वारा आंखें कुतरने की आशंका जाहिर की। परिजनों ने सवाल उठाया कि सुरक्षित रखे जाने वाले शव के साथ इस तरह की घटना कैसे हुई।
जांच की मांग पर शव लेने से किया इनकार
घटना की सूचना मिलने पर गम्हरिया पुलिस भी एमजीएम मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम केंद्र पहुंची और मामले की जानकारी ली। परिजन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदारी तय करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक घटना की जांच नहीं होती, वे शव अपने साथ नहीं ले जाएंगे।



