Jharkhand: गुरु नानक देव जी के 558वें प्रकाश पर्व पर जमशेदपुर में भव्य नगर कीर्तन, गुरबाणी से गूंजा शहर

जमशेदपुर: सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी के 558वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर मंगलवार को लौहनगरी में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। ‘नानक आया, नानक आया, कलि तारण गुरु नानक आया’ के जयकारों और गुरबाणी की मधुर स्वर लहरियों से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा। नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गणमान्य लोगों ने शामिल होकर गुरु पर्व की शुभकामनाएं दीं तथा गुरु नानक देव जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
सोनारी गुरुद्वारा से शुरू हुआ नगर कीर्तन
श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज की रहनुमाई, पांच सिंह साहिबान की अगुवाई और सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के आयोजन में नगर कीर्तन की शुरुआत सुबह 11:30 बजे सोनारी गुरुद्वारा साहिब से हुई। सर्वजन के कल्याण और सुख-शांति की अरदास के बाद नगर कीर्तन सर्किट हाउस, जुस्को गोलचक्कर, कीनन स्टेडियम और साकची गोलचक्कर होते हुए साकची गुरुद्वारा की ओर रवाना हुआ।इस अवसर पर सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व मंत्री एवं विधायक सरयू राय, विधायक पूर्णिमा साहू, पूर्व सांसद सुमन महतो, उपायुक्त राजीव रंजन, एसडीओ अर्णव मिश्रा, जिला बीस सूत्री कमेटी के उपाध्यक्ष मोहन कर्मकार, दैनिक उदित वाणी के संपादक उदित अग्रवाल, पूर्व विधायक कुणाल सारंगी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह, जदयू अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव और महावीर मुर्मू सहित कई गणमान्य लोगों ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर आशीर्वाद लिया।
मानवता, समानता और भाईचारे का संदेश
अतिथियों ने गुरु नानक देव जी के विचारों, मानवता, समानता, भाईचारे और सेवा के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने देश की आजादी, सुरक्षा और विकास में सिख समाज के योगदान को भी सराहनीय और प्रेरणादायक बताया।
फूलों से सजी पालकी साहिब रही आकर्षण का केंद्र
नगर कीर्तन का मुख्य आकर्षण फूलों से सजी भव्य पालकी साहिब रही, जिसमें श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज विराजमान थे। पालकी साहिब की सेवा सूरज ऑटोमोबाइल के विरदी परिवार की ओर से की गई।नगर कीर्तन में सबसे आगे सिख मार्शल आर्ट गतका की टीमें अपने हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन करते हुए चल रही थीं। वहीं, गुरुद्वारा कमेटी द्वारा संचालित धार्मिक विद्यालय, मिडिल स्कूल और हाई स्कूल के विद्यार्थी अनुशासित तरीके से ड्रिल करते हुए तथा गुरबाणी का गायन करते हुए आगे बढ़ रहे थे।पालकी साहिब के पीछे 30 से अधिक स्त्री सत्संग सभाओं की महिलाएं कीर्तन करते हुए चल रही थीं। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।
सिख नौजवान सभा ने संभाली संचालन की जिम्मेदारी
नगर कीर्तन के संचालन और नियंत्रण की जिम्मेदारी सिख नौजवान सभा के अमरीक सिंह, इंदर सिंह, सिमरन सिंह भाटिया और उनकी टीम ने संभाली।आयोजन को सफल बनाने में सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भगवान सिंह, चेयरमैन शैलेंद्र सिंह, गुरमीत सिंह तोते, सोनारी गुरुद्वारा के प्रधान बलबीर सिंह गिल, सतबीर सिंह सोमू, दमनप्रीत सिंह, चंचल सिंह, चंचल सिंह भाटिया, स्त्री सत्संग सभा की प्रधान बीबी रविंद्र कौर, कमलजीत कौर गिल, कमलजीत कौर, महासचिव गुरचरण सिंह बिल्ला, अमरजीत सिंह, अजीत सिंह गंभीर, हरविंदर सिंह मंटू और सुखविंदर सिंह राजू सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय रहे।इसके अलावा पूर्व प्रधान गुरमुख सिंह मुखे, प्रधान निशान सिंह, कौमी सिख मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता कुलविंदर सिंह, बलजीत सिंह और तारा सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग भी शामिल हुए।
जगह-जगह लगाए गए सेवा शिविर
नगर कीर्तन के निर्धारित मार्ग पर खालसा क्लब, रामगढ़िया सभा सहित विभिन्न सामाजिक एवं सिख संगठनों की ओर से सेवा शिविर और स्टॉल लगाए गए। इन शिविरों के माध्यम से श्रद्धालुओं की सेवा की गई।पूरे आयोजन में श्रद्धा, अनुशासन, सेवा और भाईचारे का अद्भुत संगम देखने को मिला।



