Bihar: आय से अधिक संपत्ति मामले में केवटी बीडीओ चंद्र मोहन पासवान के 6 ठिकानों पर ईओयू की छापेमारी

दरभंगा : आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने आय से अधिक संपत्ति मामले में केवटी प्रखंड के बीडीओ चंद्र मोहन पासवान के अलग-अलग छह ठिकानों पर बुधवार सुबह से छापेमारी शुरू की है।जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई सुबह करीब 7 बजे एक साथ कई स्थानों पर शुरू हुई।
सरकारी आवास से लेकर पैतृक घर तक जांच
ईओयू की टीम केवटी स्थित बीडीओ कार्यालय और सरकारी आवास के अलावा दरभंगा के बहादुरपुर थाना क्षेत्र स्थित निजी आवास, मधुबनी जिले के बाबूबरही प्रखंड स्थित पैतृक घर और सीतामढ़ी के एक ठिकाने पर भी जांच कर रही है।अधिकारी विभिन्न संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच में जुटे हुए हैं।
बैंक खाते और जमीन के कागजात खंगाले जा रहे
सूत्रों के मुताबिक जांच टीम बैंक अकाउंट, जमीन के दस्तावेज, निवेश, आभूषण और अन्य महत्वपूर्ण कागजातों की जांच कर रही है।बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायतों और प्रारंभिक जांच में मिले तथ्यों के आधार पर की जा रही है।
अब तक बरामदगी की आधिकारिक जानकारी नहीं
फिलहाल किसी भी बरामदगी या संपत्ति के कुल मूल्य को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।छापेमारी शुरू होते ही केवटी प्रखंड कार्यालय, सरकारी आवास और आसपास के इलाकों में लोगों की भीड़ जुट गई। सुरक्षा कारणों से किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
81 फीसदी अधिक संपत्ति होने का दावा
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि जांच के दौरान बीडीओ की संपत्ति उनकी घोषित आय से करीब 81 फीसदी अधिक पाई गई है।रिपोर्ट्स के अनुसार चंद्र मोहन पासवान पर करीब 89 लाख 13 हजार 500 रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।
विशेष अदालत से जारी हुआ था तलाशी वारंट
बताया जा रहा है कि स्पेशल विजिलेंस कोर्ट मुजफ्फरपुर से तलाशी वारंट जारी होने के बाद ईओयू की टीम ने यह कार्रवाई शुरू की।फिलहाल मामले में जांच जारी है।



