Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: जमशेदपुर में ब्राउन शुगर के साथ चार युवक गिरफ्तार, 23.15 ग्राम नशीला पदार्थ और 45 हजार रुपये बरामद

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुगसलाई थाना क्षेत्र से चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 23.15 ग्राम ब्राउन शुगर, चार मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, एक मारुति डिजायर कार और 45 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में तीन का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी

ग्रामीण एसपी शुभम खंडवाला ने बताया कि 23 नवंबर को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि जुगसलाई थाना क्षेत्र के गरीब नवाज कॉलोनी स्थित खरकई रेलवे पुल के पास कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने पहुंचने वाले हैं।सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देश पर डीएसपी (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़ लिया।

मोटरसाइकिल और कार सवार चार युवक गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से मोटरसाइकिल सवार मो. रेहान हुसैन को पकड़ा। वहीं, मारुति डिजायर कार में बैठे शेख कुतुबुद्दीन उर्फ मोनू, मो. इरशाद उर्फ फिरदौस और दिलशाद खान उर्फ राजा को भी गिरफ्तार किया गया।तलाशी के दौरान चारों के पास से अलग-अलग पुड़ियों में कुल 23.15 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने उनके पास से चार मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, एक मारुति डिजायर कार और 45 हजार रुपये नकद भी जब्त किए।

तीन आरोपियों का पहले भी रहा है आपराधिक इतिहास

ग्रामीण एसपी के अनुसार, गिरफ्तार चार आरोपियों में से तीन का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button