NewsUP INFACT

Uttar Pradesh: यूपी एटीएस की बड़ी कार्रवाई, पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के लिए काम कर रहे 4 संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश में एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के लिए काम कर रहे चार और संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है।बुधवार को एटीएस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों की पहचान सहारनपुर निवासी महकाब (22 वर्ष) और शाहरुख (20 वर्ष), मुजफ्फरनगर निवासी गगनदीप उर्फ गुरी सिंह (25 वर्ष) तथा हरिद्वार निवासी मुशर्रफ (22 वर्ष) के रूप में हुई है।

आईएसआई के इशारे पर काम करने का आरोप

पुलिस के अनुसार पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट कथित तौर पर आईएसआई के इशारे पर भारतीय युवकों के अलग-अलग ग्रुप बनाकर देश में सामाजिक सौहार्द और सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने की साजिश रच रहे थे।एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने बताया कि युवाओं को आर्थिक लाभ का लालच देकर आतंकी गतिविधियों में शामिल करने की कोशिश की जा रही थी।

स्कूल संचालक और अस्पताल को बनाया गया था निशाना

एटीएस के मुताबिक आरोपियों को एक स्कूल संचालक, अस्पताल और राजनीतिक दल के कार्यालय की रेकी करने का टास्क दिया गया था।पूछताछ में आरोपी महकाब और गगनदीप ने बताया कि वे इंस्टाग्राम के जरिए पाकिस्तानी गैंगस्टरों के संपर्क में आए थे।
आबिद जट्ट ने उन्हें पहले रेकी करने और बाद में आगे के निर्देश देने की बात कही थी।

वीडियो कॉल से दिए जाते थे निर्देश

एटीएस के अनुसार आरोपी वीडियो कॉल के जरिए पाकिस्तान में बैठे आकाओं से निर्देश लेते थे। उनसे कहा गया था कि ज्यादा से ज्यादा युवाओं को अपने नेटवर्क में शामिल करें और देश में दहशत फैलाने वाली गतिविधियों को अंजाम दें।इसी दौरान महकाब और गगनदीप ने शाहरुख और मुशर्रफ को भी अपने साथ जोड़ा।

हथियार खरीदने और रेकी की थी योजना

जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अस्पताल उड़ाने की रेकी और हथियार खरीदने की योजना बना रहे थे।मार्च 2026 में नोएडा में एक बैठक भी की गई थी, जहां किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की साजिश पर चर्चा हुई थी।

200 संदिग्धों को खंगाल चुकी एटीएस

एडीजी अमिताभ यश ने बताया कि एटीएस और एसटीएफ ने संयुक्त रूप से प्रदेश में करीब 200 संदिग्धों की जांच की है।इससे पहले भी एटीएस शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट नेटवर्क से जुड़े कई संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।फिलहाल एटीएस गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की तैयारी कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button