Jharkhand: टाटा मोटर्स में सुबोध पात्रो के परिजन को मिलेगी स्थायी नौकरी, 77 लाख रुपये और क्वार्टर पर बनी सहमति; धरना समाप्त

जमशेदपुर: टाटा मोटर्स के स्थायी कर्मचारी सुबोध पात्रो की मौत के बाद मुआवजे और आश्रित को नौकरी देने की मांग को लेकर कंपनी गेट पर जारी धरना बुधवार शाम 7:30 बजे समाप्त हो गया। जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, टाटा मोटर्स प्रबंधन, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह, सरकार के प्रतिनिधि और झामुमो जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन की मौजूदगी में हुई समझौता वार्ता के बाद यह फैसला लिया गया।समझौते के तहत दिवंगत कर्मचारी सुबोध पात्रो के परिवार के एक पुत्र को टाटा मोटर्स में नियमानुसार स्थायी नौकरी देने पर सहमति बनी है। इसके अलावा परिवार को लगभग 77 लाख रुपये की कुल राशि और क्वार्टर समेत अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
एक साल की ट्रेनिंग के बाद स्थायी नियोजन का विकल्प
टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री आरके सिंह ने बताया कि प्रबंधन, विधायक मंगल कालिंदी और सरकार के प्रतिनिधियों ने मानवीय संवेदना को ध्यान में रखते हुए परिवार के एक सदस्य यानी पुत्र को नौकरी देने पर सहमति बनाई है। उन्होंने कहा कि परिवार की इच्छानुसार पुत्र को एक साल की ट्रेनिंग के बाद स्थायी नौकरी या पदाधिकारी के रूप में नियोजन का विकल्प मिलेगा।आरके सिंह ने कहा कि कंपनी में औद्योगिक शांति का माहौल बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। ऐसा वातावरण कायम रहने पर ही सभी को रोजगार के अवसर मिलते रहेंगे।
समझौता वार्ता में ये रहे शामिल
समझौता वार्ता में विधायक मंगल कालिंदी, सहायक दंडाधिकारी निखिल किरण, टाटा मोटर्स के जीएम (एचआर) प्रणव कुमार, ईआर हेड सौमिक रॉय, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह शामिल हुए। वहीं, दिवंगत सुबोध पात्रो के परिवार की ओर से उनकी पत्नी और पुत्र भी वार्ता में मौजूद रहे।समझौते के बाद कंपनी गेट पर कई दिनों से जारी धरना समाप्त कर दिया गया।



