Jharkhand: जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज के विद्यार्थियों का दार्जिलिंग-मिरिक शैक्षणिक भ्रमण शुरू, पांच दिनों तक करेंगे भौगोलिक अध्ययन

जमशेदपुर। जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज के भूगोल विभाग की ओर से स्नातकोत्तर चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के लिए पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग और मिरिक का पांच दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण बुधवार को शुरू हुआ। यह भ्रमण विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम के व्यावहारिक अध्ययन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके माध्यम से छात्र-छात्राओं को किताबी ज्ञान के साथ-साथ विभिन्न भौगोलिक परिस्थितियों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होगा।
प्राचार्य ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
शैक्षणिक भ्रमण को रवाना करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के बौद्धिक और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे विषय के प्रति उनकी व्यावहारिक समझ भी मजबूत होती है।
भू-आकृतिक और पारिस्थितिक परिस्थितियों का करेंगे अध्ययन
भ्रमण का मार्गदर्शन कर रहे भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार चौबे ने बताया कि इस शैक्षणिक यात्रा का प्रमुख उद्देश्य अध्ययन क्षेत्र की भू-आकृतिक, भौतिक और पारिस्थितिक परिस्थितियों का अध्ययन करना है। इसके साथ ही विद्यार्थी स्थानीय कृषि और आर्थिक गतिविधियों का अवलोकन करेंगे तथा पर्यटन की संभावनाओं और क्षेत्र की सामाजिक-सांस्कृतिक जीवनशैली का भी अध्ययन करेंगे।
क्षेत्र सर्वेक्षण के आधार पर तैयार करेंगे शोध प्रबंध
भ्रमण में शामिल सहायक प्राध्यापिका शोभा मुवाल ने बताया कि विद्यार्थी अवलोकन और क्षेत्र सर्वेक्षण के दौरान जुटाए गए आंकड़ों का विश्लेषण कर अपने शोध प्रबंध तैयार करेंगे।उन्होंने कहा कि यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के साथ-साथ उनकी शोध क्षमता बढ़ाने में भी उपयोगी सिद्ध होगा।



