Delhi: दिल्ली में बड़े ब्लास्ट की साजिश नाकाम, मुंबई एटीएस और दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 2 संदिग्ध हिरासत में

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और मुंबई पुलिस की एंटी टेररिज़्म स्क्वॉड ने एक संयुक्त ऑपरेशन में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इन पर आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने और दिल्ली में बड़े धमाके की साजिश रचने का संदेह है। फिलहाल दोनों संदिग्धों को पूछताछ के लिए दिल्ली लाया जा रहा है।
मुंबई के कुर्ला और खडवली में हुई कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, यह संयुक्त ऑपरेशन कुर्ला और मुंबई के पास स्थित खांदीवली इलाके में चलाया गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया, जिनकी पहचान कामरान उर्फ सोनू उर्फ मोजे और बड़ा इमरान के रूप में हुई है।
संदिग्धों के पास से मिली संवेदनशील सामग्री
एजेंसियों के अनुसार, आरोपियों के पास से कुछ संवेदनशील सामग्री भी बरामद की गई है, जिसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दोनों संदिग्धों को ऑनलाइन माध्यम से कट्टरपंथ की ओर प्रेरित किया गया हो सकता है और उनका ब्रेनवॉश किया गया था।इस पूरे मामले की जांच फिलहाल दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल को सौंप दी गई है। एजेंसियां आरोपियों के नेटवर्क, संपर्कों और संभावित साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही हैं।
कुशीनगर से भी एक युवक हिरासत में
इस मामले में एक अन्य कार्रवाई के तहत कुशीनगर से भी एक युवक को हिरासत में लिया गया है। दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा ने आतंकी गतिविधियों में संलिप्तता के संदेह में उसे ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले जाया है।जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान पडरौना के छावनी क्षेत्र के राइन मोहल्ला निवासी रिजवान अहमद का नाम सामने आया था। इसके बाद निरीक्षक निशांत दहिया के नेतृत्व में 10 सदस्यीय टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से युवक को हिरासत में लिया।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त
पुलिस ने युवक के मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भी जांच के लिए जब्त कर लिया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि संदिग्धों के संपर्क किन लोगों से थे और उनकी साजिश कितनी बड़ी थी फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क और संभावित खतरे को लेकर सतर्क हैं तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।



