Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: मानगो के जाकिरनगर में कपाली नाला पर बना पुल शुरू, विधायक सरयू राय ने किया उद्घाटन

जमशेदपुर। मानगो के जाकिरनगर में अवैस करनी मस्जिद के समीप कपाली नाला पर नवनिर्मित पुल का उद्घाटन शनिवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने किया। मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल की ओर से करीब एक करोड़ एक लाख रुपये की लागत से इस पुल का निर्माण कराया गया है। पुल के चालू होने से कपाली और आजादनगर के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।स्थानीय लोग लंबे समय से इस पुल के निर्माण की मांग कर रहे थे। पुल बनने से दोनों क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा और रोजमर्रा के आवागमन में लोगों को होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। उद्घाटन के दौरान स्थानीय लोगों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा।

निर्धारित समय से पहले पूरा हुआ पुल का निर्माण : सरयू राय

उद्घाटन समारोह में विधायक सरयू राय ने कहा कि यह पुल दो जिलों को जोड़ने के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों के आवागमन को आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि पुल का निर्माण 15 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन संवेदक और विभागीय प्रयासों से काम निर्धारित समय से पहले ही पूरा कर लिया गया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और पुल की मजबूती पर संतोष जताया।सरयू राय ने बताया कि जाबिन पुल के निर्माण के लिए भी एस्टीमेट तैयार कर उपायुक्त के माध्यम से सरकार को भेजा गया है। वहां पुल बनने से स्थानीय लोगों को खासकर बरसात के दिनों में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। पिछले वर्ष बारिश के दौरान लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था।

मुख्यमंत्री और विभागीय मंत्री के प्रति जताया आभार

विधायक ने कहा कि उनकी अनुशंसा पर सरकार ने कपाली नाला पर पुल निर्माण की योजना को मंजूरी दी थी, जिसके बाद इसका निर्माण पूरा हो सका। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विभागीय मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और संबंधित विभाग के अभियंताओं के प्रति आभार जताया।उन्होंने कहा कि कपाली और आजादनगर के लोगों के बीच सामाजिक एवं व्यावहारिक संबंध काफी पुराने और मजबूत हैं। पुल बनने से दोनों क्षेत्रों के लोगों को एक-दूसरे के यहां आने-जाने में आसानी होगी। सड़क और पुल जैसी आधारभूत सुविधाओं का विकास क्षेत्र की तरक्की के साथ आम नागरिकों के जीवन को भी सुगम बनाता है।

उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में पप्पू सिंह, विकास साहनी, पवन सिंह, अफताब अहमद सिद्दीकी, वार्ड पार्षद हुमा अफरीन, जेबा फरहीन, पिंटू सिंह, कुलविंदर सिंह पन्नू, टुनटुन सिंह, हेमंत पाठक, संतोष भगत, भवानी सिंह, सनी मिर्जा, मुस्ताक अहमद, प्रवीण सिंह, मोहम्मद निसार अहमद, इरफान खान, रेयाज अहमद, मनोज गुप्ता, बीजेन्द्र सिंह, अमरेंद्र पासवान और संजय सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button