Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: पाकुड़ में तेजस कार्यशाला, युवाओं को स्टार्टअप और नवाचार के अवसरों की दी गयी जानकारी

पाकुड़: रविंद्र भवन टाउन हॉल में सोमवार को तेजस जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। डीपीआइआइटी , स्टार्टअप इंडिया, झारखंड सरकार और जीडको के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यशाला का उद्घाटन उपायुक्त मेघा भारद्वाज समेत अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।कार्यशाला में युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने से लेकर नवाचार, मेंटरशिप, वित्तीय सहयोग, बाजार से जुड़ाव और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गयी।

स्थानीय समस्याओं के समाधान को स्टार्टअप में बदलें युवा

उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि युवा अपने आसपास की स्थानीय समस्याओं को पहचानकर उनके व्यावहारिक समाधान तलाश सकते हैं। ऐसे समाधानों को स्टार्टअप के रूप में विकसित कर रोजगार और व्यवसाय के नये अवसर पैदा किये जा सकते हैं।उन्होंने कहा कि किसी बड़े व्यवसाय की शुरुआत हमेशा बड़े निवेश या बड़े विचार से ही हो, यह जरूरी नहीं है। छोटे और उपयोगी विचार को भी सही दिशा, मार्गदर्शन और मेहनत के जरिए सफल व्यवसाय में बदला जा सकता है।

पाकुड़ में सात स्टार्टअप पंजीकृत

जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि पाकुड़ जिले में वर्तमान में सात स्टार्टअप पंजीकृत हैं। कार्यशाला का उद्देश्य जिले में उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देना तथा युवाओं को स्टार्टअप इकोसिस्टम से जोड़ना है।कार्यशाला में विद्यार्थियों, महिला उद्यमियों, नवोन्मेषकों और उभरते उद्यमियों ने भाग लिया।

विशेषज्ञों ने उद्यमिता और रोजगार को लेकर किया मार्गदर्शन

कार्यशाला में विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। स्टार्टअप शुरू करने की प्रक्रिया, मेंटरशिप, वित्तीय सहायता, बाजार से जुड़ाव और सरकारी योजनाओं के लाभ को लेकर भी मार्गदर्शन किया गया।आयोजकों के अनुसार, ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को अपने विचारों को व्यवसाय में बदलने और रोजगार के नये अवसर तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button