Jharkhand: दुमका में नौवीं की छात्रा से दुष्कर्म और हत्या का खुलासा, 35 वर्षीय आरोपी शिशु टुडू गिरफ्तार

दुमका: झारखंड के उपराजधानी दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में काठीकुंड थाना क्षेत्र के रहने वाले 35 वर्षीय शिशु टुडू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से एसआईटी ने आरोपी की पहचान की। उसकी निशानदेही पर एक गमछा समेत अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।दुमका के एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गाय-बैल लाने गई थी छात्रा, देर शाम तक नहीं लौटी घर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर की रात काठीकुंड थाना पुलिस को एक नाबालिग छात्रा के लापता होने की सूचना मिली थी। छात्रा स्कूल से घर लौटने के बाद शाम में गांव के पास मैदान से अपने गाय-बैल खोलकर लाने गई थी। मवेशी घर पहुंच गए, लेकिन छात्रा देर शाम तक वापस नहीं लौटी।इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान गांव के मैदान से मवेशियों को बांधने वाली रस्सी और छात्रा की चप्पल मिली। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
चेकडैम के पास झाड़ियों के पीछे मिला शव
मामले की गंभीरता को देखते हुए काठीकुंड थाना पुलिस और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव से करीब 500 मीटर दूर चेकडैम के पास झाड़ियों के पीछे छात्रा का शव अर्द्धनग्न अवस्था में मिला।घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर काठीकुंड थाना में कांड संख्या 35/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238, 3(5), 70(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
डीआईजी और एसपी के नेतृत्व में गठित हुई एसआईटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए संथाल परगना क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक और दुमका एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य, डॉग स्क्वाड, फिंगरप्रिंट टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की मदद ली गई।पुलिस के अनुसार, वैज्ञानिक अनुसंधान और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर काठीकुंड थाना क्षेत्र के रासी टोला पिपरा निवासी शिशु टुडू को संदिग्ध के रूप में हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आरोपी की निशानदेही पर गमछा समेत अन्य सामग्री बरामद
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शिशु टुडू की निशानदेही पर एक गमछा और अन्य सामग्री बरामद की गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। घटना से जुड़े साक्ष्यों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।



