Bihar: रिश्वत लेते पीएचसी प्रभारी डॉक्टर गिरफ्तार, फ्लैट से 15.12 लाख नकद और 40 लाख के जेवर बरामद

पटना/वैशाली। बिहार के वैशाली जिले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार को पटेढ़ी बेलसर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कामिनी प्रसाद को कथित तौर पर 8,600 रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के दौरान डेटा एंट्री ऑपरेटर हिमांशु कुमार को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम ने पटना स्थित डॉक्टर के आवास पर तलाशी ली, जहां से 15.12 लाख रुपये नकद और करीब 40 लाख रुपये के जेवरात मिलने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा बैंक खाते में 99.61 लाख रुपये जमा होने का भी पता चला है।
16 लिफाफों में मिले 15 लाख रुपये नकद
जानकारी के अनुसार, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई के बाद टीम ने डॉ. कामिनी प्रसाद के बहादुरपुर हाउसिंग कॉलोनी स्थित अपराजिता अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर-31 में तलाशी ली। तलाशी के दौरान 15.12 लाख रुपये नकद और करीब 40 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है। बताया गया है कि नकदी 16 लिफाफों में रखी हुई थी। इसके अलावा बैंक खाते में जमा राशि और फ्लैट व निवेश से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। बरामद संपत्ति के स्रोत की जांच की जा रही है।
बकाया इंसेंटिव के भुगतान के बदले रिश्वत मांगने का आरोप
मिली जानकारी के मुताबिक, मामले में शिकायत आयुष्मान आरोग्य मंदिर में पदस्थापित राजस्थान के सीकर जिले के धौद थाना क्षेत्र के मंडोला गांव निवासी जयपाल सिंह ने निगरानी मुख्यालय में दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि बकाया इंसेंटिव और अन्य भुगतान जारी करने के बदले रिश्वत की मांग की जा रही थी।शिकायत के अनुसार, मार्च 2024 और मार्च से अगस्त 2025 तक का बकाया इंसेंटिव 16,200 रुपये था। वहीं, सितंबर 2025 से सितंबर 2026 तक का इंसेंटिव 96 हजार रुपये बताया गया। मोबाइल रिचार्ज और यात्रा भत्ता मद के 9,600 रुपये जोड़कर कुल बकाया भुगतान 1,29,800 रुपये होने की बात कही गई। इसी राशि के भुगतान के बदले रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया था।
शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी टीम की कार्रवाई
शिकायत का सत्यापन करने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे कार्रवाई की। आरोप के मुताबिक, टीम ने डॉ. कामिनी प्रसाद को 8,600 रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। मौके से डेटा एंट्री ऑपरेटर हिमांशु कुमार को भी हिरासत में लिया गया।
पटना स्थित आवास पर देर रात तक चली तलाशी
गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम ने डॉ. कामिनी प्रसाद के पटना स्थित आवास पर संपत्ति की जांच शुरू की। शुक्रवार शाम बहादुरपुर हाउसिंग कॉलोनी के अपराजिता अपार्टमेंट स्थित फ्लैट में तलाशी ली गई। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे तक जांच जारी थी। नकदी, जेवरात, बैंक खातों और निवेश से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है।



