Gujrat : गुजरात में दो सरकारी बसों की टक्कर के बाद लगी आग, 8 लोगों की मौत

सूरत: गुजरात के सूरत जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बारडोली तहसील के उवा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर हुआ, जहां एमएसआरटीसी की दो सरकारी बसों के बीच भीषण टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद बस में लगी भीषण आग
अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और उसमें आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।बारडोली ग्रामीण पुलिस निरीक्षक पी.एन. जडेजा ने बताया कि दोनों बसें महाराष्ट्र राज्य परिवहन निगम की थीं। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि टक्कर आमने-सामने हुई थी या दोनों बसें एक ही दिशा में चल रही थीं।
8 की मौत, कई घायल
पुलिस के अनुसार, हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 10 से अधिक घायल यात्रियों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
राहत एवं बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही सूरत और पड़ोसी तापी जिले से पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड लगातार आग पर काबू पाने और संभावित रूप से फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के प्रयास में जुटी रही।पुलिस अधिकारियों ने आशंका जताई है कि आग लगी बस के अंदर कुछ और यात्री फंसे हो सकते हैं। मामले की जांच जारी है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया चल रही है।



