NewsUP INFACT

Uttar Pradesh: गाजियाबाद में 150 अपराधियों का सत्यापन, पुलिस के सामने बोले- “योगी जी, हमें माफ कर दो, अब अपराध नहीं करेंगे”

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में मंगलवार को एक अनोखा नजारा देखने को मिला। साहिबाबाद पुलिस स्टेशन में करीब 150 अपराधियों को सत्यापन अभियान के तहत बुलाया गया, जहां पुलिस अधिकारियों ने उनके आपराधिक रिकॉर्ड, गतिविधियों और संपर्कों की गहन जांच की। पुलिस की सख्ती का असर ऐसा रहा कि कई अपराधियों ने हाथ जोड़कर भविष्य में अपराध न करने की बात कही।

अपराधियों से की गई गहन पूछताछ

कमिश्नरेट गाजियाबाद पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत विभिन्न श्रेणी के अपराधियों को थाने बुलाकर उनका सत्यापन कराया गया। इस दौरान पुलिस ने उनके वर्तमान पते, आने-जाने के स्थान, आर्थिक गतिविधियों, बैंक खातों, परिचितों और संपर्कों की विस्तृत जानकारी जुटाई।साथ ही उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी समीक्षा की गई और रिकॉर्ड को अपडेट किया गया।

“अब अपराध से तौबा करते हैं”

सत्यापन के दौरान मौजूद कई अपराधियों ने पुलिस अधिकारियों के सामने कहा,”योगी जी, हमें माफ कर दो। अब अपराध से तौबा करते हैं, भविष्य में किसी भी तरह का गुनाह नहीं करेंगे।”अपराधियों के इस बयान ने अभियान को चर्चा का विषय बना दिया।

पुलिस की सख्त चेतावनी

धवल जैसवाल ने बताया कि सभी अपराधियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में वे किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए गए या किसी अपराधी की मदद करते मिले, तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि पुलिस अपराधियों की हर गतिविधि पर नजर रख रही है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

खोड़ा की घटना के बाद तेज हुआ अभियान

पुलिस के अनुसार, अपराधियों के सत्यापन का अभियान पहले भी चलाया जाता रहा है, लेकिन हाल ही में खोड़ा क्षेत्र में हुई एक संवेदनशील घटना के बाद इसे और तेज कर दिया गया है।पुलिस का उद्देश्य है कि कोई भी हिस्ट्रीशीटर, अपराधी या संदिग्ध व्यक्ति निगरानी से बाहर न रहे और जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button