Bihar: जेडीयू विधायक पप्पू पांडेय और उनके भाई के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी, 16 एकड़ जमीन कब्जाने और फायरिंग का आरोप

गोपालगंज : बिहार की राजनीति के चर्चित चेहरे और कुचायकोट से जदयू विधायक अमरेन्द्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गोपालगंज की एमपी-एमएलए विशेष कोर्ट ने विधायक, उनके भाई सतीश पांडेय और एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के खिलाफ गैर-जमानतीय वारंट जारी किया है। इन पर भू-माफियाओं के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेजों के जरिए करोड़ों की जमीन हड़पने का गंभीर आरोप है।
पुलिस की छापेमारी, विधायक और सहयोगी भूमिगत
कोर्ट से वारंट जारी होते ही गोपालगंज एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। विधायक और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने मीरगंज थाना क्षेत्र के तुलसिया गांव (विधायक का निवास) सहित कई ठिकानों पर छापेमारी की है। हालांकि, सूत्रों के अनुसार वारंट की खबर मिलते ही विधायक पप्पू पांडेय, उनके भाई और सीए राहुल तिवारी भूमिगत हो गए हैं।
क्या है पूरा मामला? 16 एकड़ जमीन का विवाद
यह पूरा विवाद मीरगंज थाने के सेमराव गांव निवासी जितेन्द्र कुमार राय द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी से शुरू हुआ।शिकायत के अनुसार, बेलवा गांव में किरण सिन्हा की 16 एकड़ 93 डिसमिल जमीन है। आरोपियों ने इस कीमती जमीन को अपने नाम करने के लिए मालिक पर दबाव बनाया।आरोप है कि आरोपियों ने जमीन पर बने पांच कमरों के ताले तोड़ दिए और अपना ताला लगा दिया।प्राथमिकी में यह भी उल्लेख है कि विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की और फर्जी कागजात तैयार कर जमीन हथियाने की साजिश रची।
इन आरोपियों के खिलाफ जारी हुआ वारंट
कोर्ट ने जिन तीन लोगों के खिलाफ वारंट जारी किया है, वे हैं अमरेन्द्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय: कुचायकोट विधायक ,सतीश पांडेय: विधायक के भाई,राहुल तिवारी: चार्टर्ड अकाउंटेंट (निवासी- हसनपुर, सिधवलिया)।



