Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: ड्यूटी पर जा रही झारखंड हाईकोर्ट की महिला सिपाही को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर मौत

राँची : राजधानी राँची के रातू थाना क्षेत्र अंतर्गत फुटकल टोली राइस मिल के समीप बुधवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। इस हादसे में झारखंड हाईकोर्ट में तैनात महिला सिपाही रंजिता एक्का की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हुई इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

ड्यूटी के लिए निकली थीं रंजिता

मिली जानकारी के अनुसार, महिला सिपाही रंजिता एक्का प्रतिदिन की तरह बुधवार सुबह अपनी ड्यूटी के लिए घर से निकली थीं। वे वर्तमान में झारखंड उच्च न्यायालय में सुरक्षा व्यवस्था में तैनात थीं। जब वे फुटकल टोली राइस मिल के पास पहुँचीं, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रंजिता सड़क पर दूर जा गिरीं और उनके सिर में गंभीर चोट आने के कारण मौके पर ही मौत हो गई।

मौके पर जुटी भीड़, पुलिस जांच में जुटी

हादसे के तुरंत बाद राइस मिल के आसपास मौजूद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही रातू थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए।पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारकर फरार होने वाले वाहन की पहचान की जा सके और चालक को गिरफ्तार किया जा सके।

विभाग में शोक की लहर

एक कर्तव्यनिष्ठ महिला सिपाही की इस तरह अचानक हुई मौत से पुलिस महकमे और उनके साथियों में गहरा दुख है। पुलिस ने रंजिता के परिजनों को सूचित कर दिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।स्थानीय लोगों ने फुटकल टोली के पास वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार पर अंकुश लगाने और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button