Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस पर निरल पूर्ति को मिला उत्कृष्ट विधायक सम्मान, सीएम हेमंत सोरेन ने 2050 के विकसित झारखंड का रखा विजन

रांची। झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर विधानसभा परिसर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इसमें राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। समारोह के दौरान उत्कृष्ट विधायक, पूर्व विधायकों, विधानसभा के उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इस वर्ष मझगांव के विधायक निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक सम्मान से नवाजा गया।कार्यक्रम में विधानसभा की मासिक पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन किया गया। इसके साथ ही ‘विधानमंडल का व्याकरण’ पुस्तक का भी लोकार्पण हुआ।

विधानसभा लोकतंत्र का मंदिर : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस पर सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि झारखंड विधानसभा लोकतंत्र का मंदिर है, जहां राज्य के आम लोगों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए फैसले लिए जाते हैं। यह केवल एक संवैधानिक संस्था नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, मानवता और जनकल्याण का प्रतीक है। इसकी गरिमा और लोकतांत्रिक व्यवस्था की ताकत को पूरी दुनिया स्वीकार करती है।मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा राज्य के भविष्य, विकास की दिशा और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श का महत्वपूर्ण मंच है। यहां सभी जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं पर दिया जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में झारखंड सरकार की पहल की दूसरे राज्य भी सराहना कर रहे हैं। राज्य की कई योजनाएं और नीतियां दूसरे राज्यों के लिए प्रेरणा बन रही हैं। सरकार का लक्ष्य है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहे।

2050 के विकसित और समृद्ध झारखंड की परिकल्पना

हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार वर्ष 2050 के झारखंड की तस्वीर को ध्यान में रखकर योजनाएं बना रही है। प्रयास है कि आने वाली पीढ़ियों को विकसित, समृद्ध और सशक्त झारखंड मिले।उन्होंने अलग राज्य के निर्माण में पूर्वजों, आंदोलनकारियों और राज्यवासियों के संघर्ष एवं बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनके सपनों को साकार करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

समारोह में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

समारोह में विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो एवं नवीन जायसवाल, विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार सहित विधायक, पूर्व विधायक, विधानसभा के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button