Jharkhand: खूंटी में पीएलएफआई के नाम पर लेवी मांगने के आरोप में दो युवक गिरफ्तार, देशी कट्टा और कारतूस बरामद

खूंटी। जिले के रनिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने पीएलएफआई संगठन के नाम पर लेवी मांगने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजू मांझी (24 वर्ष) और अंकुश बागे उर्फ दोन्दो (24 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों रनिया थाना क्षेत्र के केलो गांव के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और पीएलएफआई के तीन पर्चे बरामद किए हैं।
ठेकेदारों से पर्चा देकर मांगी गई थी लेवी
पुलिस के अनुसार, तपकरा थाना क्षेत्र के कमड़ा मोड़ स्थित आवासीय विद्यालय और पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर में सड़क निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदारों से पीएलएफआई के नाम पर पर्चा देकर लेवी की मांग की गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को 21 नवंबर को आरोपियों के संबंध में सूचना मिली।
एसडीपीओ के नेतृत्व में हुई छापेमारी
सूचना के आधार पर एसडीपीओ तोरपा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और पीएलएफआई के तीन पर्चे बरामद किए गए।
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने लेवी मांगने में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।



