Jharkhand: जमशेदपुर में 24 नवंबर को नेपाली सेवा समिति की ओर से होगी श्रीश्री सत्यनारायण पूजा, मेधावी बच्चों का होगा सम्मान

जमशेदपुर। नेपाली सेवा समिति की ओर से कार्तिक पूर्णिमा के शुभ अवसर पर 24 नवंबर को समिति परिसर में श्रीश्री सत्यनारायण पूजा का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही नेपाली सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर समिति कार्यालय में अध्यक्ष विजय कुमार दमाई की अध्यक्षता में विशेष बैठक हुई। बैठक में प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी पूजा और सांस्कृतिक कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
दोपहर 2:30 बजे शुरू होगी पूजा
कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 2:30 बजे श्रीश्री सत्यनारायण पूजा से होगी, जो शाम 5:30 बजे तक चलेगी। पूजा संपन्न कराने के लिए बनारस से पंडित माधव ईश्वर उपाध्याय को आमंत्रित किया गया है। उनके साथ स्थानीय पंडित नारायण प्रसाद और भीम प्रसाद पोखरेल भी पूजा-अर्चना कराएंगे।
नेपाली सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चे देंगे प्रस्तुति
पूजा के बाद नेपाली सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें गोरखा परिवार के स्थानीय बच्चे नृत्य और संगीत की प्रस्तुति देंगे। इस दौरान समाज के उन मेधावी बच्चों को नेपाली कवि भानुभक्त आचार्य पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने पढ़ाई, खेलकूद और नृत्य-संगीत प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।इसके अलावा समाजसेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पूर्व कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
झारखंड समेत चार राज्यों से जुटेंगे गोरखा समाज के लोग
समारोह में झारखंड के अलावा बंगाल, ओडिशा और बिहार से भी गोरखा समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में समाजसेवी विकास सिंह, टीके राय, उमेश गुरुंग और अमित सिंघानिया सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं और उपस्थित लोगों के बीच महाभोग प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
बैठक में समिति के पदाधिकारी और सदस्य रहे मौजूद
आयोजन की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में केंद्रीय कमेटी के महामंत्री शंकर थापा, परिषद चेयरमैन गोपाल सिंह थापा और पूजा कमेटी के महासचिव सूरज थापा सहित केंद्रीय कमेटी एवं परिषद के पदाधिकारी, सदस्य और आजीवन सदस्य उपस्थित थे।



