जमशेदपुर में 22 नवंबर को महिला पतंजलि का प्रांतीय महासम्मेलन, स्वामी रामदेव और साध्वी देवप्रिया होंगी शामिल

जमशेदपुर। महिला पतंजलि योग समिति, पूर्वी सिंहभूम के तत्वावधान में आगामी 22 नवंबर (रविवार) को जमशेदपुर के एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान में प्रांतीय महिला महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 9 बजे से शुरू होगा। इसमें योगऋषि स्वामी रामदेव जी महाराज और पतंजलि विश्वविद्यालय, हरिद्वार की प्राच्य संकाय अध्यक्ष साध्वी देवप्रिया जी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।आयोजकों के अनुसार, महासम्मेलन में झारखंड के विभिन्न जिलों से महिला पतंजलि योग समिति की पदाधिकारी, योग शिक्षिकाएं और योग साधिकाएं शामिल होंगी। कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक महिलाओं की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है।
योग, आयुर्वेद और भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता पर जोर
महासम्मेलन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को योग, आयुर्वेद, स्वदेशी, संस्कार और भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूक करना है। इसके साथ ही स्वस्थ, सशक्त, संस्कारित और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण में महिलाओं की भूमिका को प्रोत्साहित किया जाएगा।आयोजकों का कहना है कि बदलते सामाजिक परिवेश में महिलाओं की जिम्मेदारियां और चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में योग और आयुर्वेद के माध्यम से शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने की जरूरत है।
10 हजार से अधिक महिलाओं के शामिल होने की उम्मीद
महिला पतंजलि योग समिति का प्रयास है कि योग को जन-जन तक पहुंचाया जाए और महिलाओं को स्वास्थ्य, आत्मविश्वास, सकारात्मकता तथा सामाजिक नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाए।आयोजकों के मुताबिक, स्वामी रामदेव और साध्वी देवप्रिया का मार्गदर्शन झारखंड की महिलाओं के लिए प्रेरणादायक होगा। महासम्मेलन में बड़ी संख्या में मातृशक्ति की भागीदारी की उम्मीद जताई गई है।
महिला पतंजलि योग समिति ने की सहभागिता की अपील
महिला पतंजलि योग समिति, पूर्वी सिंहभूम की ओर से प्रदेश की सभी महिलाओं, सामाजिक संगठनों, योग प्रेमियों और गणमान्य नागरिकों से महासम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है।प्रेस कॉन्फ्रेंस के आयोजन में महिला पतंजलि की राज्य प्रभारी सुधा झा, पतंजलि चिकित्सालय जमशेदपुर के डॉ. मनीष डूडीया, पतंजलि के पूर्व जिला प्रभारी कृष्ण कुमार, महिला पतंजलि पूर्वी सिंहभूम की जिला प्रभारी गौरी कर, महामंत्री ललिता शर्मा, राज्य सोशल मीडिया प्रभारी पूजा पाण्डेय, संवाद प्रभारी प्रेमलता प्रसाद, मीडिया प्रभारी ईराक्षी शामल, संगठन मंत्री उर्मिला शशि, यज्ञ प्रभारी शांति तिवारी, शिविर प्रभारी संगीता शर्मा, संरक्षिका विनीता सिंह सहित अन्य सदस्यों का सहयोग रहा।



