Jharkhand: गिरिडीह के बदडीहा में कपड़े और जूते की दुकान में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख

गिरिडीह। नगर थाना क्षेत्र के बदडीहा में शनिवार सुबह नीलम ड्रेसेस एंड शू स्टोर में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान में रखा आधे से अधिक सामान जलकर राख हो गया। इस घटना में दुकान संचालक को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
सुबह 9:30 बजे दुकान से निकलने लगा धुआं
दुकान संचालक राजू राम के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे अचानक दुकान से धुआं निकलने लगा। आसपास के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही धुआं आग में तब्दील हो गया और आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद पाया काबू
सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दुकान में रखा आधे से अधिक सामान जलकर नष्ट हो चुका था। आग से दुकान संचालक को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।



