BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: जेएसएससी-सीजीएल समेत 22 परीक्षाएं रद्द होने पर छात्रों ने निकाली आभार यात्रा, सीएम हेमंत सोरेन को दिया धन्यवाद

रांची। झारखंड सरकार द्वारा जेएसएससी-सीजीएल समेत 22 प्रतियोगी परीक्षाओं को रद्द किए जाने के फैसले के बाद पिछले 26 दिनों से आंदोलन कर रहे छात्रों ने बुधवार को राजधानी रांची में आभार यात्रा निकाली। यात्रा जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंची।

छात्रों ने सरकार और मुख्यमंत्री का जताया आभार

आभार यात्रा के दौरान छात्रों ने झारखंड सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो को छात्रों ने कंधों पर उठाकर यात्रा में शामिल किया।छात्रों में सरकार के फैसले को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। आंदोलनकारियों ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर लंबे समय से उठाई जा रही उनकी मांगों पर सरकार का फैसला उनके 26 दिनों के संघर्ष की बड़ी जीत है।

अल्बर्ट एक्का चौक पर ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न

आभार यात्रा के अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचने के बाद छात्रों ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर जमकर जश्न मनाया। खुशी में आतिशबाजी भी की गई। इस दौरान छात्रों ने सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए इसे आंदोलन की सफलता बताया।

26 दिन के आंदोलन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन

जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन लगातार 26 दिनों से चल रहा था। सरकार द्वारा जेएसएससी-सीजीएल समेत 22 प्रतियोगी परीक्षाओं को रद्द किए जाने के बाद आंदोलनकारी छात्रों ने इसे अपने संघर्ष का परिणाम बताया।छात्रों का कहना है कि लंबे आंदोलन के बाद सरकार ने उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया है। इसी के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए यह यात्रा निकाली गई।

छात्रों में दिखा उत्साह

आभार यात्रा के दौरान राजधानी के प्रमुख इलाके में उत्साह का माहौल रहा। छात्रों ने कहा कि यह केवल परीक्षा रद्द होने की खुशी नहीं, बल्कि छात्रों की आवाज और लंबे संघर्ष की जीत का प्रतीक है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button