Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: बिहार एसोसिएशन के शताब्दी समारोह में शामिल पंचायत के ‘विनोद’ अशोक पाठक ने साझा किए जीवन के अनछुए पहलू, बोले- हमारी जड़ें ही हमें जिंदा रखती हैं

जमशेदपुर: बिहार एसोसिएशन के तत्वावधान में बुधवार शाम राजेंद्र विद्यालय ऑडिटोरियम में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बिहार एसोसिएशन के शताब्दी वर्ष समारोह के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ में विनोद की भूमिका निभाने वाले अभिनेता अशोक पाठक विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने अपने जीवन के संघर्ष, गांव से जुड़ाव और अभिनय के सफर से जुड़े कई अनछुए पहलुओं को साझा किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आरएसबी ग्रुप के वाइस चेयरमैन एसके बेहरा और विशिष्ट अतिथि के रूप में टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी उपस्थित थे।कार्यक्रम का शुभारंभ एसके बेहरा, संजीव चौधरी, बिहार एसोसिएशन के अध्यक्ष बीएन चौधरी, उपाध्यक्ष डॉ. एसके सिंह और कोषाध्यक्ष विवेकानंद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अध्यक्ष बीएन चौधरी ने एसोसिएशन की अब तक की यात्रा और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिहार एसोसिएशन तीन शैक्षणिक संस्थानों का संचालन कर रहा है, जहां कम फीस में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है। वहीं, डॉ. एसके सिंह ने शताब्दी समारोह के तहत अगले 10 दिनों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की।

सफलता के पीछे होता है लंबा संघर्ष : संजीव चौधरी

टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी ने कहा कि वे फिल्में नहीं देखते, लेकिन ‘पंचायत’ वेब सीरीज इतनी लोकप्रिय है कि टॉप लेवल की बैठकों में भी माहौल हल्का करने के लिए कई बार इसके संवाद बोल दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में रातोंरात सफलता नहीं मिलती। इसके पीछे लंबा संघर्ष और मेहनत होती है। उन्होंने जमशेदपुर में विश्वस्तरीय नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होने की बात भी कही।

हमारी जड़ें ही हमें जिंदा रखती हैं : अशोक पाठक

अभिनेता अशोक पाठक ने कहा कि हमारी जड़ें ही हमें जिंदा रखती हैं। बिहारी जहां भी जाते हैं, अपनी संस्कृति और संस्कार साथ लेकर चलते हैं। सीवान के आंदर के पास स्थित अपने पैतृक गांव से जुड़ाव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि वह हर साल छठ पूजा के अवसर पर गांव जरूर जाते हैं। बचपन में उनके पिता हरियाणा में कार्यरत थे, लेकिन गांव आना-जाना और बाबा की यादें हमेशा उनके जीवन का हिस्सा रहीं।अशोक पाठक ने गांव और शहर के जीवन के अंतर को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि मुंबई में पड़ोसियों तक से अनजान रहने की स्थिति के विपरीत गांव में टोले और आसपास के लोगों के बीच गहरी आत्मीयता होती है। गांव का माहौल इंसान को मेहनतकश, सरल और मृदुभाषी बनाता है।अपने अभिनय सफर के संघर्षों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि काम की कमी के दौर में पंजाबी फिल्मों ने उन्हें सहारा दिया और इससे परिवार का गुजारा चलता रहा। अलग-अलग भाषाओं और फिल्म इंडस्ट्री में काम करने से बहुत कुछ सीखने को मिलता है। उन्होंने अभिनेता विजय सेतुपति के साथ काम करने का अनुभव भी साझा किया।वेब सीरीज ‘पंचायत’ के चौथे सीजन के संवाद ‘गरीब हैं, गद्दार नाहीं’ को उन्होंने ग्रामीण ईमानदारी का प्रतीक बताया। वहीं, भूषण के किरदार के संदर्भ में कहा कि व्यवस्था में सवाल पूछने के लिए विपक्ष का होना जरूरी है।

जमशेदपुर के लोग हैं रियल इंडियंस : एसके बेहरा

मुख्य अतिथि आरएसबी ग्रुप के वाइस चेयरमैन एसके बेहरा ने राजेंद्र विद्यालय के हॉल में पहली बार आने का अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे अपने मित्र डॉ. सिंह के आमंत्रण पर यहां पहुंचे हैं। उन्होंने जमशेदपुर के ऐतिहासिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि इस क्षेत्र ने बंगाल और ओडिशा से लेकर बिहार और फिर झारखंड बनने तक का दौर देखा है। यहां के लोग ‘रियल इंडियंस’ हैं, जिन्हें किसी सीमा या पहचान से परहेज नहीं है।उन्होंने भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, चाणक्य, चंद्रगुप्त मौर्य, डॉ. राजेंद्र प्रसाद और जयप्रकाश नारायण की विरासत को भी याद किया। मंच पर मौजूद अभिनेता अशोक पाठक की सराहना करते हुए बेहरा ने बताया कि अपनी 25 वर्षीय बेटी के कहने पर उन्होंने ‘पंचायत’ वेब सीरीज देखी थी। प्रेमचंद की कहानियों के पाठक रहे बेहरा को इस सीरीज में ग्रामीण जीवन की वही जीवंतता और फुलेरा गांव से जुड़ाव महसूस हुआ। उन्होंने सीरीज के संवाद ‘गरीब हैं… गद्दार नहीं हैं’, सरपंच के यहां खीर खाने के प्रसंग और पानी की टंकी पर चाय पीने वाले दृश्य को विशेष रूप से पसंद किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button