Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: ‘साइबर शील्ड’ ऑपरेशन में बड़ी कार्रवाई, 5 कथित साइबर अपराधी गिरफ्तार

धनबाद: जिले में बढ़ते साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए धनबाद पुलिस ने ‘साइबर शील्ड’ नाम से मेगा ऑपरेशन शुरू किया है। इस अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल ने टुंडी थाना क्षेत्र के भालपहाड़ी गांव में छापेमारी कर पांच कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन लैपटॉप, 20 मोबाइल फोन, 23 बैंक पासबुक, 16 एटीएम कार्ड और विभिन्न बैंकों के 10 चेकबुक समेत कई दस्तावेज बरामद किए हैं।

ग्रामीण एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी

गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में धनबाद के ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने बताया कि जिले में पिछले कुछ दिनों से साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं की सूचनाएं मिल रही थीं। इन पर रोक लगाने और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ‘साइबर शील्ड’ अभियान शुरू किया गया।
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि टुंडी थाना क्षेत्र के भालपहाड़ी गांव में कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया गया।

17 पुलिस पदाधिकारी और 80 जवान अभियान में शामिल

भालपहाड़ी गांव में चलाए गए छापेमारी अभियान में 17 पुलिस पदाधिकारियों के साथ 80 महिला और पुरुष पुलिसकर्मी शामिल थे। टीम ने कार्रवाई के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू कुमार मंडल — भालपहाड़ी, टुंडी, धनबाद,उत्तम कुमार मंडल — भालपहाड़ी, टुंडी, धनबाद,अजीत कुमार मंडल — भालपहाड़ी, टुंडी, धनबाद;दिलीप कुमार मंडल — देवघर जिला और उमेश कुमार राणा — कोडरमा जिला के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

चार आईफोन समेत 20 मोबाइल फोन बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और बैंकिंग से जुड़े दस्तावेज जब्त किए। बरामद सामान में तीन लैपटॉप,20 स्मार्टफोन और कीपैड मोबाइल, जिनमें चार आईफोन शामिल हैं,23 बैंक पासबुक,16 एटीएम कार्ड,विभिन्न बैंकों के 10 चेकबुक,चार पैन कार्ड और चार आधार कार्ड,एक ई-पॉस मशीन,तीन आरसी बुक और एक ग्रीन रेमिट कार्ड शामिल हैं। पुलिस इन बरामद वस्तुओं की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि इनका कथित साइबर अपराध में किस तरह इस्तेमाल किया जाता था और क्या इस नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं।

टुंडी थाना में प्राथमिकी दर्ज

इस मामले में टुंडी थाना कांड संख्या 77/26 के तहत 15 अक्टूबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, मामला भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(C) तथा 66(D) के तहत दर्ज किया गया है।धनबाद पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए ‘साइबर शील्ड’ अभियान के तहत कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से जुड़े तथ्यों और बरामद दस्तावेजों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button