Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: पोटका में एसआईआर को लेकर ग्रामीणों ने विधायक संजीव सरदार को बताई परेशानी, नाम कटने और नोटिस को लेकर चिंता

पोटका: विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर पोटका प्रखंड मुख्यालय में सोमवार को विधायक संजीव सरदार पहुंचे और क्षेत्र के ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने मतदाता सूची से नाम कटने की आशंका, नोटिस मिलने और आवश्यक दस्तावेजों से जुड़ी परेशानियों की जानकारी विधायक को दी।विधायक ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश देने की बात कही।

नाम कटने और दस्तावेजों को लेकर ग्रामीणों में चिंता

ग्रामीणों ने बताया कि एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान दस्तावेजों को लेकर कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ लोगों ने नोटिस मिलने और मतदाता सूची में अपने नाम को लेकर परेशानी की बात विधायक के सामने रखी।संजीव सरदार ने कहा कि एसआईआर के नाम पर आम जनता को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाने की जरूरत बतायी, ताकि पात्र मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।निर्वाचन आयोग की आधिकारिक सेवाओं में एसआईआर -2026 के तहत नोटिस के जवाब में दस्तावेज जमा करने और मतदाता सूची से संबंधित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी हैं।

विधायक ने मताधिकार की सुरक्षा पर दिया जोर

विधायक संजीव सरदार ने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उससे निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने की अपेक्षा की जाती है।उन्होंने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाने और दस्तावेजों से जुड़ी प्रक्रियाओं को लेकर लोगों के बीच असुविधा की स्थिति बन रही है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाये।संजीव सरदार ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को संविधान और जनता के हित में निष्पक्ष तरीके से काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति के मताधिकार से समझौता नहीं होना चाहिए।

गांव-गांव जाकर लोगों की मदद करने का निर्देश

विधायक ने पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे एसआईआर को लेकर गांव-गांव में लोगों के संपर्क में रहें। जिन ग्रामीणों को नोटिस या दस्तावेजों से संबंधित परेशानी हो रही है, उनकी मदद की जाए।उन्होंने कहा कि लोगों को सही जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाए, ताकि समय रहते समाधान हो सके।संजीव सरदार ने कहा कि जनता के अधिकारों और मताधिकार की रक्षा के लिए आवश्यक स्तर पर आवाज उठायी जाएगी और एसआईआर से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए पहल जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button