Bihar: पटना में लड़की को दुकान से खींचकर मारी गोली, कंधे में लगी गोली

पटना: दानापुर थाना क्षेत्र के आरपीएस मोड़ स्थित आर्य समाज डीएवी पब्लिक स्कूल के गेट के सामने रविवार शाम एक नाबालिग लड़की को गोली मारकर घायल कर दिया गया। आरोप है कि दो बदमाश लड़की को टेलर की दुकान से खींचकर बाहर ले गए और उसके कंधे में गोली मार दी।घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल लड़की को परिजनों ने राजा बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जान बचाने के लिए टेलर की दुकान में छिपी थी लड़की
टेलर दुकानदार के अनुसार, रविवार शाम नाबालिग लड़की बदमाशों से बचने के लिए उसकी दुकान में आकर छिप गई थी। कुछ देर बाद उसका पीछा करते हुए दो बदमाश दुकान के अंदर पहुंच गए।आरोप है कि बदमाशों ने दुकानदार को बीच में नहीं आने की धमकी दी और कहा कि रोकने की कोशिश करने पर गोली मार देंगे।
दुकान से बाहर खींचते समय बदमाशों ने चलाई गोली
इसके बाद दोनों आरोपी लड़की को दुकान से खींचकर बाहर ले जाने लगे। इसी दौरान लड़की गिर गई। आरोप है कि बदमाशों ने उसके कंधे में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।घायल लड़की ने दुकानदार के मोबाइल फोन से अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल निजी अस्पताल ले गए।
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही
घटना की सूचना मिलने के बाद दानापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थानाध्यक्ष पीके भारद्वाज के अनुसार, लड़की के कंधे में गोली लगी है और उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे के कारण, नाबालिग लड़की और आरोपियों के बीच संबंध तथा वारदात की पूरी परिस्थितियों समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल दोनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।



