Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: गांडेय से अपहृत दो युवक उसरी नदी के पास से सकुशल बरामद; फिरौती मांगने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

गिरिडीह: गिरिडीह जिले के गांडेय थाना क्षेत्र अंतर्गत चरकमारा जंगल के समीप से दो युवकों का अपहरण कर फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले का गिरिडीह पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में सफल खुलासा कर दिया है। एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों अपहृत युवकों को सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में संलिप्त दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में भी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।इस सफलता की आधिकारिक जानकारी गुरुवार को सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव ने एक पत्रकार वार्ता (प्रेस कॉन्फ्रेंस) के दौरान दी।

गांडेय से हुआ था अपहरण, मांगी जा रही थी फिरौती

सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि गांडेय थाना क्षेत्र के चरकमारा निवासी मोहन दास के भाई धर्मवीर कुमार दास तथा तेजो रविदास के पुत्र नीतिश कुमार दास को अपराधियों ने चरकमारा जंगल के पास से अगवा कर लिया था।दोनों युवकों को बंधक बनाने के बाद अपराधी उनके परिजनों को फोन कर उन्हें छोड़ने के एवज में भारी फिरौती की मांग कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही गिरिडीह पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया और सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच व छापेमारी टीम का गठन किया।

उसरी नदी श्मशान घाट के पास छापेमारी; दोनों युवक बरामद

तकनीकी सेल और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।तफ्तीश के दौरान पुलिस को सटीक सूचना मिली कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हरसिंह रायडीह गांव स्थित उसरी नदी के श्मशान घाट के पास कुछ संदिग्ध युवक दो लड़कों को बंधक बनाकर रखे हुए हैं।सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए चिन्हित स्थान पर घेराबंदी कर छापेमारी की। मौके से अपहृत धर्मवीर कुमार दास और नीतिश कुमार दास को सुरक्षित व सकुशल छुड़ा लिया गया।

डाड़ीडीह निवासी दो आरोपी गिरफ्तार; वाहन व मोबाइल जब्त

पुलिस ने मौके से दो शातिर अपहरणकर्ताओं को रंगे हाथों धर दबोचा।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद रिजवान अंसारी (निवासी: डाड़ीडीह, मुफस्सिल थाना क्षेत्र) और मोहम्मद अफसर अंसारी (निवासी: डाड़ीडीह, मुफस्सिल थाना क्षेत्र) के रूप में हुई हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से अपराध में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल,एक नीला ई-रिक्शा (JSA कंपनी, रजिस्ट्रेशन संख्या: JH 11 AM 8684) और
तीन मोबाइल फोन (जिनसे फिरौती की कॉल की गई थी) को जब्त किया गया।

बीएनएस की गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज

मामले में गांडेय थाना में कांड संख्या 45/26 (दिनांक 13 अगस्त 2026) दर्ज की गई है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 118(1), 127(2), 140(1) एवं 3(5) के तहत केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।एसडीपीओ ने बताया कि जब्त मोबाइलों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अपहरण कांड में गिरोह के और कौन-कौन से सदस्य या मददगार शामिल थे। पुलिस की इस मुस्तैदी और त्वरित सफलता से अपहृत युवकों के परिजनों ने राहत की सांस ली है और पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button