BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: सोनारी के उडुपी रेस्टोरेंट में ताबड़तोड़ फायरिंग में चार घायल, टीएमएच में भर्ती

जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। बाइक से पहुंचे अपराधियों ने रेस्टोरेंट में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलीबारी में दिलशाद, डोमिनिक सैमसन, रिजवान और कृष्णा चौधरी घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

टोपी पहने बदमाश ने रेस्टोरेंट में घुसकर की फायरिंग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय डोमिनिक सैमसन अपने चार साथियों के साथ रेस्टोरेंट के गेट के पास बैठा था। रेस्टोरेंट की अन्य टेबलों पर लोग परिवार के साथ खाना खा रहे थे।इसी दौरान टोपी पहने एक बदमाश रेस्टोरेंट के अंदर पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसने वहां मौजूद लोगों से टेबल के नीचे छिपने को कहा और इसके बाद सैमसन व उसके साथियों पर लगातार गोलियां चला दीं।फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

गोली चलने से रेस्टोरेंट में मची अफरा-तफरी

अचानक हुई गोलीबारी से रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के साथ खाना खा रहे लोगों में दहशत फैल गई। हमलावर के भागने के बाद लोगों ने रेस्टोरेंट के अंदर घायलों को खून से लथपथ देखा, जिसके बाद चीख-पुकार मच गई।आसपास के दुकानदारों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

एसएसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी, ग्रामीण एसपी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली।पुलिस ने गोलीबारी के कारणों और हमलावरों की पहचान को लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावर और उसके साथियों की पहचान की जा सके।

सोनारी और आसपास के इलाकों में बढ़ाई गई पुलिस गतिविधि

फायरिंग की घटना के बाद सोनारी और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की गतिविधियां बढ़ा दी गई हैं। पुलिस हमलावरों के संभावित भागने के रास्तों और ठिकानों की जानकारी जुटा रही है।फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button