Jharkhand: जमशेदपुर में झामुमो ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका, एसआईआर के खिलाफ किया प्रदर्शन

जमशेदपुर: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया के विरोध में सोमवार को जमशेदपुर में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिला झामुमो की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
एसआईआर की जटिलताओं को लेकर चुनाव आयोग पर निशाना
प्रदर्शन के दौरान झामुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर की प्रक्रिया में कई तरह की जटिलताएं हैं, जिनके कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी नेताओं ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण के तरीके पर आपत्ति जताते हुए चुनाव आयोग से प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों पर जवाब देने की मांग की।
मतदाताओं के अधिकारों का मुद्दा उठाया
झामुमो कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार और उसकी सुविधा का ध्यान रखा जाना चाहिए। पार्टी का कहना है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए और प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए।
विरोध जारी रखने की बात कही
पुतला दहन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की। झामुमो ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर अपना विरोध आगे भी जारी रखने की बात कही है।गौरतलब है कि झामुमो ने 28 सितंबर को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया था। पार्टी ने इस अभियान के तहत चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े मुद्दे उठाए हैं।



