Jharkhand: पाकुड़ के अंगुठिया गांव में मनाया गया 77वां वन महोत्सव, डीसी ने किया पौधारोपण

पाकुड़: हिरणपुर प्रखंड के मंझलाडीह पंचायत अंतर्गत अंगुठिया गांव में गुरुवार को वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से 77वां वन महोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मेघा भारद्वाज, डीएफओ सौरभ चंद्रा, जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार भगत समेत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पौधारोपण कर किया।
पेड़ पूरे पारिस्थितिकी तंत्र का आधार: डीसी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि पेड़ पूरे पारिस्थितिकी तंत्र का आधार हैं। उन्होंने ग्रामीणों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की।उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों को संरक्षित करना भी जरूरी है, तभी पर्यावरण संरक्षण का उद्देश्य पूरा हो सकेगा।
वन महोत्सव को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाएं: डीएफओ
डीएफओ सौरभ चंद्रा ने कहा कि वन महोत्सव को केवल एक दिन आयोजित होने वाला कार्यक्रम नहीं माना जाना चाहिए। इसे सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने की जरूरत है।उन्होंने पर्यावरण संरक्षण में आम लोगों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
लाभुकों के बीच सामग्री और प्रमाण पत्र का वितरण
वन महोत्सव के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच कई प्रकार की सामग्री और दस्तावेज वितरित किए गए। इनमें रेस्क्यू किट, महुआ नेट, पेंशन स्वीकृति पत्र, मजदूरों के बीच टोकरी-कुदाल, प्रमाण पत्र, साइकिल और श्रम कार्ड सहित अन्य सामग्री शामिल रही।
ग्रामीणों ने उत्साह के साथ लिया हिस्सा
कार्यक्रम में अंगुठिया गांव और आसपास के क्षेत्र के ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।



