BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा ,मंत्री दीपिका पांडेय की बेटी सहित चार की मौत

जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव पर गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे ब्रेकडाउन खड़े 12 चक्का ट्रेलर के पीछे तेज रफ्तार कार जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रेलर के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गया।हादसे की सूचना मिलते ही डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर और सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कार में फंसे शवों को गैस कटर की मदद से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया।

ट्रेलर में पीछे से जा घुसी कार

पुलिस के अनुसार, ट्रेलर बुधवार रात करीब 10 बजे से ही मरीन ड्राइव पर ब्रेकडाउन की स्थिति में खड़ा था। इसी दौरान गुरुवार तड़के तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ट्रेलर के पीछे जा टकराई।टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रेलर के पिछले हिस्से में घुस गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव के लिए पुलिस को गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा।

कार सवार चार लोगों की मौत

हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मंत्री दीपिका पाण्डेयस की बेटी तृषा सिंह ,सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल के रूप में बताई गई है। पुलिस मृतकों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और शवों को निकालने में पुलिस एवं बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

गैस कटर से काटकर निकाले गए शव

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पहले कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। कार के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण गैस कटर की मदद से उसे काटना पड़ा।इसके बाद शवों को बाहर निकालकर एमजीएम अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

कार मालिक ने नशे में होने का किया दावा

कार मालिक की ओर से दावा किया गया है कि हादसे से पहले कार सवार लोग नशे की हालत में थे। उसके अनुसार, दुर्घटना से पहले कार मरीन ड्राइव पर दो-तीन चक्कर लगा रही थी और इसके बाद ट्रेलर से टक्कर हो गई।हालांकि, नशे में होने के दावे की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस जांच में जुटी

डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर ने बताया कि ट्रेलर बुधवार रात करीब 10 बजे से ब्रेकडाउन की स्थिति में खड़ा था। इसी दौरान कार उसके पीछे जा घुसी। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है।पुलिस हादसे के कारणों, कार की रफ्तार, ट्रेलर के सड़क पर खड़े होने की स्थिति और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button