BollywoodEntertainmentNews

Entertainment : एनएसडी कैंपस पहुंचे पियूष मिश्रा, पुराने दिनों को याद कर शेयर किया खास वीडियो

मनोरंजन डेस्क: पियूष मिश्रा एक बार फिर अपने पुराने दिनों की यादों में खोए नजर आए। अभिनेता, लेखक, गायक और संगीतकार पियूष मिश्रा हाल ही में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के कैंपस पहुंचे, जहां से उनके अभिनय करियर की शुरुआत हुई थी।पियूष मिश्रा ने कैंपस में घूमते हुए एक वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया, जिसमें उन्होंने एनएसडी के प्रति अपना भावनात्मक जुड़ाव जाहिर किया।

वीडियो में दिखी पुरानी यादों की झलक

वीडियो में पियूष मिश्रा कैंपस के अलग-अलग हिस्सों में घूमते नजर आए। इस दौरान उन्होंने एक पेड़ की ओर इशारा भी किया, जहां वे अपने छात्र जीवन में समय बिताया करते थे।वीडियो के साथ उन्होंने लाल दिल वाला इमोजी लगाकर एनएसडी के प्रति अपना प्यार जाहिर किया।इस वीडियो को और खास बनाने के लिए उन्होंने अपनी कविता “वो पुराने दिन, वो सुहाने दिन” को बैकग्राउंड म्यूजिक के तौर पर इस्तेमाल किया।

1986 में एनएसडी से किया था ग्रेजुएशन

पियूष मिश्रा ने साल 1986 में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से स्नातक की उपाधि प्राप्त की थी। एनएसडी में मिली ट्रेनिंग ने उनके भीतर के कलाकार को नई पहचान दी।आज पियूष मिश्रा अभिनय, लेखन, गायन और संगीत की दुनिया में बड़ा नाम बन चुके हैं।

‘दिल से’ से शुरू हुआ था फिल्मी सफर

पियूष मिश्रा ने दिल से.. से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। मणिरत्नम निर्देशित इस फिल्म में शाहरुख खान और मनीषा कोइराला मुख्य भूमिकाओं में थे।इसके बाद उन्होंने गैंग्स ऑफ वासेपुर, पिंक, मकबूल, तमाशा, गुलाल, रॉकस्टार और हैप्पी भाग जाएगी जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय किया।

इन गीतों से मिली अलग पहचान

गायक और गीतकार के रूप में पियूष मिश्रा को “आरंभ है प्रचंड”, “इक बगल”, “हुस्ना” और “अरे रुक जा रे बंदे” जैसे गीतों के लिए खास पहचान मिली।उनके गाने आज भी युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं।

आखिरी बार ‘राहु केतु’ में आए नजर

वर्कफ्रंट की बात करें तो पियूष मिश्रा हाल ही में कॉमेडी ड्रामा राहु केतु में नजर आए थे। फिल्म में वरुण शर्मा और पुलकित सम्राट भी मुख्य भूमिकाओं में दिखाई दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button