NewsRajasthan INFACT

Rajasthan: जयपुर में सीएम काफिले के दौरान खड़े वाहनों में जा घुसी स्लीपर बस , 6 जख्मी

जयपुर : राजधानी जयपुर के सीकर रोड पर शनिवार की शाम उस वक्त भारी कोहराम और अफरा-तफरी मच गई, जब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के काफिले के गुजरने के लिए रोके गए ट्रैफिक के बीच एक तेज रफ्तार स्लीपर बस काल बनकर आ घुसी। बेकाबू बस ने कतार में खड़ी चार कारों को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि एक कार उछलकर सीधे डिवाइडर पर जा चढ़ी।इस भीषण शृंखलाबद्ध हादसे में दो महिलाओं समेत कुल 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। गनीमत यह रही कि मुख्यमंत्री का काफिला इस वीआईपी रूट से कुछ ही समय पहले सुरक्षित तरीके से गुजर चुका था, जिससे एक बहुत बड़ा राष्ट्रीय हादसा टल गया।

बीजेपी के प्रशिक्षण शिविर से लौट रहे थे सीएम, सनसिटी के पास रोका था ट्रैफिक


जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर के नींदड़ स्थित एक रिसॉर्ट में आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026’ के तहत भाजपा जयपुर शहर जिला प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद जब मुख्यमंत्री का काफिला वापस लौटने वाला था, तो सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत सीकर रोड पर सनसिटी क्षेत्र के पास शाम करीब 06:15 बजे आम यातायात को कुछ मिनटों के लिए रोक दिया गया था। ट्रैफिक रुकने के कारण मुख्य सड़क पर एक के बाद एक दर्जनों गाड़ियां लाइन में खड़ी थीं। इसी दौरान जयपुर से सीकर की ओर जा रही एक निजी ट्रेवल्स की स्लीपर बस तेज रफ्तार में वहां पहुंची और सामने खड़ी गाड़ियों पर चढ़ गई।

टक्कर से उड़े कारों के परखच्चे, गेट तोड़कर बाहर निकाले गए घायल

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस की रफ्तार इतनी खौफनाक थी कि ड्राइवर चाहकर भी उसे नियंत्रित नहीं कर सका। टक्कर लगते ही गाड़ियां आपस में ताश के पत्तों की तरह टकरा गईं। इस हादसे में सबसे ज्यादा नुकसान एक कमर्शियल टैक्सी कार को हुआ, जिसका पिछला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। कार की पिछली सीट पर बैठी एक महिला और एक युवक मलबे के बीच बुरी तरह फंसकर तड़पने लगे।मौके पर मुस्तैद हरमाड़ा थाना पुलिस और स्थानीय राहगीरों ने तुरंत लोहा काटने वाले औजारों की मदद से कार का पिछला गेट तोड़ा और अंदर फंसे लोगों को लहूलुहान हालत में बाहर निकाला। एक युवक सीट और लोहे के दबाव के कारण बुरी तरह कुचल गया था, जिसे पुलिस ने तुरंत पीसीआर (112 सेवा) की मदद से अस्पताल भेजा।

सांगानेर के जैन परिवार सहित 6 लोग अस्पताल में भर्ती, एक की हालत नाजुक

हादसे के तुरंत बाद सभी 6 घायलों को इलाज के लिए पास के सीकेएस अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा जारी सूची के अनुसार घायलों में मुख्य रूप से सांगानेर के रामपुरा रोड निवासी राजेश जैन, लक्ष्मी विहार निवासी रेखा (पत्नी पंकज) और प्रियांशी जैन (पत्नी अमन जैन) शामिल हैं।डॉक्टरों के मुताबिक, कार में दबे एक युवक की हालत आंतरिक चोटों और अत्यधिक खून बहने के कारण बेहद नाजुक बनी हुई है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।

अहमदाबाद से हरिद्वार जा रही थी पर्यटकों की बस, शुरुआती जांच में ब्रेक फेल

हरमाड़ा थाना पुलिस की शुरुआती तकनीकी जांच में एक बड़ा खुलासा हुआ है।दुर्घटनाग्रस्त स्लीपर बस गुजरात के अहमदाबाद से पर्यटकों और श्रद्धालुओं को लेकर धार्मिक यात्रा पर निकली थी। बस खाटूश्यामजी के दर्शन करने के बाद वाया सीकर होते हुए हरिद्वार जा रही थी। थाना प्रभारी उदय यादव ने बताया कि शुरुआती जांच और बस की स्थिति को देखकर आशंका है कि सीकर रोड पर अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए थे। आगे वीआईपी मूवमेंट के कारण ट्रैफिक जाम था, जिसके कारण हादसा इतना बड़ा हो गया।

हादसे के बाद बस छोड़कर चालक फरार, यात्रियों को भेजा गया आगे

हरमाड़ा थाना प्रभारी उदय यादव ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक घायलों की मदद करने के बजाय मौके पर मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर घने ट्रैफिक के बीच से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त निजी बस को क्रेन की मदद से जब्त कर थाने भेज दिया है और आरोपी ड्राइवर की गिरफ्तारी के लिए टीमें भेजी गई हैं। बस में सवार अन्य निर्दोष यात्रियों को पुलिस ने अपने स्तर पर दूसरी बस की व्यवस्था कर उनके गंतव्य (हरिद्वार) के लिए रवाना किया। पुलिस मामले में तकनीकी और परिवहन विभाग की टीम से बस की जांच करा रही है ताकि वास्तविक तकनीकी कारणों की पुष्टि हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button