Jharkhand: चतरा में देह व्यापार का भंडाफोड़, होटल और रेस्टोरेंट से 9 हिरासत में

चतरा: शहर के कॉलेज रोड स्थित चांदनी होटल एवं कावेरी रेस्टोरेंट में कथित देह व्यापार के संचालन का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई शहर के रिहायशी इलाके में परिषदन के सामने की गई। पुलिस ने मौके से पांच युवतियों और चार युवकों को हिरासत में लिया है।
एसपी के निर्देश पर हुई छापेमारी
देह व्यापार की सूचना मिलने के बाद एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर कार्रवाई की गई। एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में थाना प्रभारी अनिल उरांव और महिला थाना प्रभारी फिरदौस नाज की संयुक्त टीम ने होटल और रेस्टोरेंट में छापेमारी की।छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके पर संदिग्ध गतिविधियां मिलीं, जिसके बाद पांच युवतियों और चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
शराब और आपत्तिजनक सामान बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मौके से शराब की बोतलें और आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया है। बरामद सामग्री को पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले में पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस की भनक लगते ही होटल संचालक फरार
पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही होटल संचालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। वहीं हिरासत में लिए गए युवक-युवतियों से पूछताछ के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कब से चल रहा था कथित नेटवर्क, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि होटल और रेस्टोरेंट में कथित रूप से यह गतिविधि कब से संचालित हो रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस संभावित नेटवर्क और संचालकों की भूमिका की भी जांच कर रही है।रिहायशी इलाके में इस तरह की गतिविधि सामने आने के बाद स्थानीय लोगों के बीच भी चर्चा और चिंता का माहौल है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



