Bihar: बिहार बोर्ड इंटर रिजल्ट में 85.19% परीक्षार्थी सफल, बेटियों ने फिर लहराया परचम

पटना: बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (बीएसईबी) ने इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। इस वर्ष कुल 85.19 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं। खास बात यह रही कि इस बार भी छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लड़कों को पीछे छोड़ दिया।जारी आंकड़ों के अनुसार 86.23 प्रतिशत छात्राएं परीक्षा में सफल हुई हैं, जबकि 84.09 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं। तीनों संकाय—विज्ञान, कला और वाणिज्य—को मिलाकर कुल 26 टॉपर घोषित किए गए हैं, जिनमें 19 छात्राएं शामिल हैं।हालांकि पिछले वर्ष 2025 में पास प्रतिशत 86.5% था, जिसके मुकाबले इस साल परिणाम में हल्की गिरावट दर्ज की गई है।
संकायवार टॉपर
विज्ञान संकाय
विज्ञान संकाय में समस्तीपुर के आदित्य प्रकाश अमन ने 481 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया।
वहीं सीतामढ़ी की साक्षी और नवादा की सपना ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया।
कला संकाय
कला संकाय में गया की निशि कुमारी ने 489 अंक हासिल कर टॉप किया।
वाणिज्य संकाय
वाणिज्य संकाय में पटना के संत ज़ेवियर की छात्रा अदिति कुमारी ने 480 अंक के साथ पहला स्थान प्राप्त किया।जबकि कमला नेहरू बालिका विद्यालय की छात्रा वाणी कुमारी दूसरे स्थान पर रहीं।
लगातार आठवीं बार सबसे पहले जारी हुआ रिजल्ट
बिहार बोर्ड ने एक बार फिर देश में सबसे पहले इंटर का परिणाम घोषित करने का रिकॉर्ड कायम रखा है। यह लगातार आठवीं बार है जब बोर्ड ने सबसे पहले रिजल्ट जारी किया है।परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन सिर्फ 25 दिनों में पूरा कर लिया गया, जिसे बोर्ड की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
कंपार्टमेंटल परीक्षा के लिए आवेदन
जो छात्र किसी कारणवश परीक्षा में असफल रहे हैं, उनके लिए राहत की खबर है।25 मार्च से 2 अप्रैल 2026 के बीच छात्र कंपार्टमेंटल सह विशेष परीक्षा के लिए आवेदन कर सकेंगे।



