Bihar INFACTNews

Bihar: खान सर को गिरफ्तारी से 4 दिन की और राहत, अग्रिम जमानत पर सुनवाई अब 7 जुलाई को

पटना: चर्चित शिक्षक फैसल खान उर्फ खान सर को कोचिंग फायरिंग मामले में फिलहाल राहत मिल गई है। पटना की अदालत ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई 7 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दी है। इसके साथ ही उनकी गिरफ्तारी पर लगी रोक भी अगले चार दिनों तक जारी रहेगी।वहीं, इस मामले में जेल में बंद खान सर के दोनों सुरक्षा गार्ड प्रदीप कुमार और तालेबर सिंह की जमानत याचिका पर सुनवाई भी टाल दी गई है।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अनुपस्थिति के कारण टली सुनवाई

ज्ञान बिंदु एकेडमी के निदेशक रौशन आनंद की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता सत्यम झा ने बताया कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अनुपस्थिति के कारण मामले की सुनवाई एडीजे-2 की अदालत में हुई, जहां सुनवाई को 7 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दिया गया।वहीं, खान सर के अधिवक्ता अरविंद कुमार मौआर ने बताया कि अदालत ने 7 जुलाई तक उनकी गिरफ्तारी पर लगी रोक को बरकरार रखा है। साथ ही दोनों सुरक्षा गार्डों की जमानत याचिका पर भी अब उसी दिन सुनवाई होगी।

2 जून को कोचिंग सेंटर में हुई थी तोड़फोड़

गौरतलब है कि 2 जून की रात पटना के मुसल्लहपुर स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर में तोड़फोड़ और पथराव की घटना हुई थी। इस दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने कोचिंग के एक सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट भी की थी।इस मामले में पड़ोसी कोचिंग संस्थान ज्ञान बिंदु एकेडमी के निदेशक रौशन आनंद समेत अन्य लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। बाद में उन्हें अदालत से जमानत मिल गई थी।

गार्डों का फायरिंग वीडियो वायरल होने के बाद दर्ज हुई एफआईआर

घटना के दो दिन बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें खान सर के दोनों सुरक्षा गार्ड हवा में फायरिंग करते दिखाई दिए। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों गार्डों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके साथ ही कदमकुआं थाना में खान सर के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई।इसी मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए खान सर ने अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जिस पर उन्हें फिलहाल अंतरिम राहत मिली हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button