Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: चाकुलिया के केंदाडांगरी में तिरुपति बालाजी मंदिर की थीम पर बना भव्य काली पूजा पंडाल, मंत्री दीपक बिरुआ ने किया उद्घाटन

चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत केंदाडांगरी गांव में ‘नेताजी यूथ स्पोर्टिंग क्लब’ के तत्वावधान में काली पूजा उत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। शनिवार देर शाम आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार मोहंती एवं घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन उपस्थित रहे।परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने तिरुपति बालाजी मंदिर की तर्ज पर निर्मित भव्य और आकर्षक काली पूजा पंडाल का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया।

सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में अद्भुत कलाकृति, संस्कृति को बचाने का दिया संदेश

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने पूजा कमेटी के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि केंदाडांगरी जैसे सुदूर ग्रामीण इलाके में तिरुपति बालाजी मंदिर की थीम पर इतना भव्य और सुंदर पंडाल बनाना बेहद सराहनीय है। इसके लिए पूजा कमेटी के सभी सदस्य बधाई के पात्र हैं। मंत्री ने कहा कि हमारी संस्कृति ही हमारी वास्तविक परंपरा और पहचान है। आधुनिकता के दौर में भी अपनी सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजकर रखना हम सभी का कर्तव्य है।समारोह को विधायक समीर कुमार मोहंती और विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने भी संबोधित करते हुए क्षेत्रवासियों को काली पूजा की शुभकामनाएं दीं। मंच का सफल संचालन नेताजी यूथ क्लब के मुख्य संरक्षक सरोज महापात्र ने किया।

भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

केंदाडांगरी पहुंचने से पूर्व परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ का चाकुलिया आगमन पर झामुमो कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। मंत्री ने चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र स्थित बिरसा चौक पहुंचकर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ मंत्री और विधायकों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और झामुमो नेता रहे मौजूद

इस गरिमामय उद्घाटन समारोह में जिले और प्रखंड स्तर के अनेक प्रमुख नेता व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे जिसमे मुख्य रूप से झामुमो जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन,जिला उपाध्यक्ष सागर पूर्ति,प्रखंड प्रमुख भुवनेश्वर करुणामय,वरिष्ठ नेता बलराम महतो, राजीव महापात्र, सुखेन माइती, नंदन माइती, नोटन दास समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button