Bihar INFACTNews

Bihar: बिहार में टाइगर मोबाइल जवान की हत्या से सनसनी, नदी किनारे मिला शव; स्मैक कारोबारी को पकड़ने गई थी टीम

जहानाबाद: बिहार के जहानाबाद जिले में टाइगर मोबाइल के एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या किए जाने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। स्मैक कारोबारी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम का हिस्सा रहे जवान धनेश्वर कुमार का शव शनिवार को काको थाना क्षेत्र के नदियावां गांव के पास नदी किनारे बरामद किया गया। जवान के लापता होने के बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई।

स्मैक कारोबारी को पकड़ने गई थी तीन जवानों की टीम

जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात टाइगर मोबाइल के तीन जवान शहरी क्षेत्र में स्मैक कारोबारी को गिरफ्तार करने के लिए निकले थे। तीनों जवान नगर थाना क्षेत्र के एसएस कॉलेज रोड में कार्रवाई के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान एक कथित स्मैक कारोबारी से उनकी नोकझोंक हो गई और मौके पर भगदड़ मच गई।बताया जा रहा है कि इस दौरान स्मैक कारोबारी मौके से फरार हो गया। भीड़ जुटने के बाद दो जवान वापस लौट आए, लेकिन धनेश्वर कुमार का कोई पता नहीं चला। दोनों जवानों ने वापस आकर वरीय पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।

दो जवानों से पूछताछ, अपहरण की जताई गई थी आशंका

जवान के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आशंका जताई जा रही थी कि स्मैक कारोबारियों ने जवान का अपहरण कर लिया है। शुक्रवार को एसपी कोटा किरण कुमार ने जवान धनेश्वर कुमार के लापता होने की पुष्टि की थी। पुलिस ने लौटे दोनों जवानों से पूछताछ शुरू की और तलाशी के लिए टेक्निकल टीम को भी लगाया गया।पुलिस ने शक के आधार पर स्मैक के कारोबार से जुड़े एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया था। हालांकि, टेक्निकल टीम को जवान के संबंध में कोई सुराग नहीं मिला।

नदी किनारे मिला शव, पास से पिस्टल और दस्तावेज बरामद

शनिवार को काको थाना क्षेत्र के नदियावां गांव के पास नदी किनारे धनेश्वर कुमार का शव मिलने से मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया। सूचना मिलते ही एसपी कोटा किरण कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की।मृत जवान की पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। वहीं, शव के पास से एक पर्स मिला, जिसमें पैन कार्ड, सर्विस आईकार्ड समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे।

भोजपुर के रहने वाले थे जवान धनेश्वर कुमार

मृतक जवान धनेश्वर कुमार भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सुवकरगंज गांव के निवासी थे। पुलिस ने घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी है। एसपी ने बताया कि मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और जवान की मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button