
सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में धनतेरस के दिन भीषण सड़क हादसा हो गया। पिसावां थाना क्षेत्र के हिम्मतनगर गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक बच्ची समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 17 लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई गई है।
मुंडन संस्कार से लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, बरगवां गांव निवासी हरिनाम के बेटे का मुंडन संस्कार हरदोई जिले के पिहानी थाना क्षेत्र के रायपुर गांव स्थित एक धार्मिक स्थल पर संपन्न हुआ था। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद परिवार और रिश्तेदार ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस अपने गांव लौट रहे थे।इसी दौरान पिहानी मार्ग पर कुलहाघाट के समीप हिम्मतनगर गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार लोग नीचे दब गए। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में चार महिलाएं और एक बच्ची शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान काजल पुत्री दाताराम, सुशीला (50) पत्नी विष्णु, रूबी (22) पुत्री विष्णु, सुनीता (40) पत्नी रामकुमार और रामवती (55) पत्नी भरोसे के रूप में हुई है। सभी बरगवां गांव की रहने वाली थीं। सुशीला और रूबी मां-बेटी थीं।
17 लोग घायल, गंभीर मरीजों को किया गया रेफर
हादसे में प्रेमवती (50), आशा (73), चमेली (55), गुड़िया, रूबी (28), कल्पना (30), कंचना (12), दुलारी (30), रामबेटी (48), रामदेवी (50), रामसुखी (55), जाह्नवी (12), मुन्नी देवी, जीतू (10), मायावती (65) और उन्नति (12) समेत कई लोग घायल हुए हैं।प्रेमवती के दाहिने पैर में चोट आई है, जबकि दुलारी के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। प्रेमवती और उन्नति की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सीतापुर रेफर किया गया। अन्य घायलों का भी अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू अभियान
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया और ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को पहले पिसावां स्वास्थ्य केंद्र और फिर महोली स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया।
सीएम योगी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीतापुर में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने हादसे में मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।



