
स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में जापान को 4-1 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारत ने लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम करते हुए टूर्नामेंट में खिताबी हैट्रिक पूरी की। भारतीय टीम ने रिकॉर्ड छठी बार यह ट्रॉफी जीतकर अपनी उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ दिया।
शुरुआती दो क्वार्टर में जापान ने दी कड़ी चुनौती
फाइनल मुकाबले के शुरुआती दो क्वार्टर में जापान ने भारतीय टीम को कड़ी टक्कर दी। 20वें मिनट में जापान को लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारतीय डिफेंस ने दोनों मौकों पर शानदार बचाव किया। जापानी कप्तान राइकी फुजिशिमा गोल करने में सफल नहीं हो सके।अपना 200वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेल रहे भारतीय उप-कप्तान हार्दिक सिंह ने मिडफील्ड में खेल पर पकड़ बनाए रखी। वहीं, जरमनप्रीत सिंह ने डिफेंस में मजबूती दिखाते हुए जापान के हमलों को नाकाम किया।
शिलानंद लाकड़ा ने भारत को बराबरी दिलाई
ब्रेक के बाद भारतीय टीम ने आक्रामक रुख अपनाया। 33वें मिनट में भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन कप्तान हरमनप्रीत सिंह की फ्लिक को जापानी गोलकीपर किशो कुरोडा ने रोक लिया।39वें मिनट में जापान को भी पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन शोटा यामादा इसका फायदा नहीं उठा सके। इसके बाद 42वें मिनट में भारत को लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले। आदित्य अर्जुन लालागे के पास पर शिलानंद लाकड़ा ने रिबाउंड से गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया।
आखिरी क्वार्टर में भारत ने दागे तीन गोल
मैच के अंतिम क्वार्टर में भारतीय टीम पूरी तरह हावी रही। 48वें मिनट में हार्दिक सिंह के शानदार पास पर दिलप्रीत सिंह ने रिवर्स हिट से गोल कर भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई।इसके बाद 53वें मिनट में जुगराज सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत की बढ़त 3-1 कर दी। अगले ही मिनट विवेक सागर प्रसाद ने सर्कल के ऊपर से जोरदार हिट लगाकर स्कोर 4-1 कर दिया।मैच के अंतिम 12 सेकंड में जापान को चौथा पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन कप्तान राइकी फुजिशिमा का शॉट गोल पोस्ट के बाहर चला गया। इसके साथ ही भारत ने फाइनल मुकाबला 4-1 से जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया।
भारत ने छठी बार जीती एशियन चैंपियंस ट्रॉफी
इस जीत के साथ भारतीय टीम ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में लगातार तीसरी बार खिताब जीतने का कारनामा किया। इससे पहले भारत ने 2011, 2016, 2018, 2023 और 2024 में भी यह ट्रॉफी अपने नाम की थी। इस तरह भारत ने रिकॉर्ड छठी बार चैंपियन बनने की उपलब्धि हासिल की।इससे पहले भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।



