Bihar INFACTNews

Bihar: बक्सर में धूल बनी समस्या, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हेलीकॉप्टर की करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

बिहार के बक्सर में शनिवार को तेज धूल के कारण मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। तय कार्यक्रम के अनुसार हेलीकॉप्टर को किला मैदान में उतरना था, लेकिन धूल के गुबार के चलते पायलट को लैंडिंग में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

दो बार लैंडिंग की कोशिश रही नाकाम

जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 3 बजकर 25 मिनट पर मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर किला मैदान स्थित हेलीपैड पर उतरने वाला था। जैसे ही हेलीकॉप्टर नीचे आने लगा, मैदान में तेज धूल उड़ने लगी और पूरा आसमान धूल से ढक गया।पायलट ने दो बार हेलीकॉप्टर को नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन दृश्यता बेहद कम होने के कारण लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। इसके बाद हेलीकॉप्टर को वापस ऊपर ले जाया गया।

बिना तैयारी वाले हवाई अड्डा मैदान में हुई लैंडिंग

आखिरकार पायलट ने हेलीकॉप्टर को हवाई अड्डा मैदान की ओर मोड़ दिया, जहां पहले से कोई लैंडिंग प्लान नहीं था। इस वजह से वहां सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेडिंग की तैयारी भी नहीं थी।मुख्यमंत्री के वहां उतरते ही प्रशासन और पुलिस की गाड़ियां तेजी से मौके पर पहुंचीं और उन्हें सुरक्षा घेरे में लिया गया।

क्रिकेट खेल रहे लड़के रह गए हैरान

जिस समय हेलीकॉप्टर हवाई अड्डा मैदान में उतरा, उस समय वहां कुछ युवक क्रिकेट खेल रहे थे। अचानक हेलीकॉप्टर की लैंडिंग देखकर सभी हैरान रह गए।

प्रशासन की तैयारियों पर उठे सवाल

इस घटना के बाद बक्सर प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि किला मैदान में बनाए गए हेलीपैड की स्थिति खराब थी और धूल रोकने के लिए पर्याप्त पानी का छिड़काव भी नहीं किया गया था।

कार्यक्रम पूरा कर पटना लौटे मुख्यमंत्री

हालांकि इस अव्यवस्था के बावजूद मुख्यमंत्री ने अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम पूरे किए। उन्होंने वामन मंदिर और रामेश्वर नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा लाइट एंड साउंड शो का उद्घाटन करने के बाद पटना लौट गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button