Bengal INFACTNews

Bengal: शुभेंदु अधिकारी होंगे पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री, अमित शाह ने किया ऐलान

कोलकाता : शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल का नया मुख्यमंत्री चुना गया है। शुक्रवार को अमित शाह ने कोलकाता में बीजेपी विधायक दल की बैठक के बाद उनके नाम का आधिकारिक ऐलान किया।अमित शाह की मौजूदगी में शुभेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया।

“बातें कम, काम ज्यादा करेंगे” : शुभेंदु अधिकारी

मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनकी सरकार अगले पांच वर्षों में चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री और पार्टी नेतृत्व द्वारा किए गए सभी वादों को पूरा करेगी।उन्होंने कहा, “हमारी सरकार का मूल मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ होगा। हम बातें कम और काम ज्यादा करेंगे।”

महिलाओं की सुरक्षा और पुराने मामलों की दोबारा जांच का ऐलान

शुभेंदु अधिकारी ने महिला सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज और संदेशखाली से जुड़े मामलों की दोबारा जांच कराई जाएगी।उन्होंने कहा कि महिलाओं पर अत्याचार के मामलों में दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

“पश्चिम बंगाल को फिर सांस्कृतिक राजधानी बनाएंगे”

कोलकाता में आयोजित कार्यक्रम में शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बंगाल के विकास के लिए काम करेंगी।उन्होंने कहा, “हम महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे, राष्ट्रवाद को मजबूत करेंगे और पश्चिम बंगाल को फिर से देश की सांस्कृतिक राजधानी बनाएंगे।”

पीएम मोदी के लिए विधायकों से बजवाई तालियां

अपने संबोधन के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने सभी बीजेपी विधायकों से खड़े होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और पार्टी की जीत में उनकी भूमिका के सम्मान में एक मिनट तक तालियां बजाने का आग्रह किया।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी को पूरी तरह लागू किया जाएगा।

टीएमसी सरकार के भ्रष्टाचार मामलों की होगी जांच

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पूर्व सरकार के दौरान हुए कथित भ्रष्टाचार मामलों की जांच के लिए रिटायर्ड जज की अगुवाई में आयोग बनाया जाएगा।उन्होंने कहा कि आयोग महिलाओं के खिलाफ अत्याचार और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की जांच करेगा और दोषियों को सजा दिलाई जाएगी।

“मैं नहीं, हम की राजनीति” पर जोर

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि बीजेपी सरकार सामूहिक नेतृत्व के सिद्धांत पर काम करेगी।उन्होंने कहा, “मैं नहीं, बल्कि हम… यही हमारी सरकार की कार्यशैली होगी। बंगाल की जनता ने हमें ऐतिहासिक जनादेश दिया है और हम उनकी उम्मीदों पर खरा उतरेंगे।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button