MP INFACTNews

Madhya Pradesh: प्रेमी को पाने के लिए पत्नी ने करवाई पति की हत्या, 1 लाख की सुपारी देकर रची साजिश

धार (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के धार जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी को पाने के लिए कथित तौर पर अपने ही पति की हत्या की साजिश रची। पुलिस के अनुसार आरोपी पत्नी ने अपने प्रेमी के जरिए एक अपराधी को 1 लाख रुपये की सुपारी देकर पति की हत्या करवा दी।यह मामला धार जिले के राजोद थाना क्षेत्र स्थित ग्राम गौंडीखेड़ा चारण का है। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी प्रियंका पुरोहित और उसके प्रेमी कमलेश पुरोहित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सुपारी किलर सुरेंद्र भाटी की तलाश जारी है।

लूट की कहानी बनाकर गुमराह करने की कोशिश

पुलिस के मुताबिक, मिर्च-मसाला व्यापारी देवकृष्ण पुरोहित की 7 अप्रैल की रात हत्या कर दी गई थी। शुरुआत में पत्नी ने पुलिस को बताया था कि कुछ बदमाश घर में घुस आए, जिन्होंने पति-पत्नी को बंधक बनाकर लूटपाट की और उसके पति की हत्या कर दी।हालांकि जांच के दौरान पुलिस को महिला के बयान और घटनाक्रम पर शक हुआ। वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के बाद मामला पूरी तरह पलट गया।

पूछताछ में पत्नी ने कबूला जुर्म

जांच के दौरान पुलिस ने जब मृतक की पत्नी से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि पति से रिश्तों में कड़वाहट थी और वह अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती थी। इसी वजह से दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई।

प्रेम संबंध बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2017 में एक शादी समारोह के दौरान प्रियंका की मुलाकात कमलेश से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। पति को इस रिश्ते की जानकारी होने के बाद घर में विवाद बढ़ने लगा था।इसी कारण दोनों ने मिलकर देवकृष्ण को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और लगभग 10 दिन पहले हत्या की साजिश रची।

1 लाख रुपये में दी गई सुपारी

पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के अनुसार कमलेश ने अपने दोस्त और आदतन अपराधी सुरेंद्र भाटी को 1 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी थी।7 अप्रैल की रात आरोपी ने घर में घुसकर सो रहे देवकृष्ण पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में सरदारपुर अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।वारदात को डकैती का रूप देने के लिए घर से नकदी और आभूषण भी ले जाए गए।

पुलिस ने पत्नी और प्रेमी को किया गिरफ्तार

पुलिस की साइबर जांच में भी यह सामने आया कि घटना से पहले प्रियंका लगातार अपने प्रेमी के संपर्क में थी। इसके बाद जब उससे पूछताछ की गई तो उसने पूरा षड्यंत्र कबूल कर लिया।फिलहाल पुलिस ने प्रियंका पुरोहित और कमलेश पुरोहित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपी सुरेंद्र भाटी की तलाश जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button