BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: धनबाद के झरिया में फिर भू-धंसान, धर्मनगर में जमीन फटी और घरों में आई बड़ी दरारें

धनबाद: जिले के झरिया कोयलांचल में बुधवार को एक बार फिर भू-धंसान की घटना सामने आई है। झरिया के चौथाई कुली स्थित धनबाद-सिंदरी मुख्य मार्ग के पास धर्मनगर इलाके में अचानक जमीन फटने और घरों में बड़ी दरारें पड़ने से इलाके में हड़कंप मच गया है।स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि लोग अपने जीवन भर की जमा पूंजी से बनाए घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करने को मजबूर हो गए हैं।

एक दर्जन से अधिक घरों में आई चौड़ी दरारें

मिली जानकारी के अनुसार धर्मनगर और आसपास के करीब एक दर्जन से अधिक घरों की दीवारों और फर्श पर अचानक चौड़ी दरारें पड़ गई हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि दरारें लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे कई मकानों के कभी भी ढहने का खतरा बना हुआ है।लोगों का कहना है कि जमीन फटने की आवाज और दीवारों के चटकने की घटनाओं से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

50 वर्षों का आशियाना छोड़ने का दर्द

प्रभावित ग्रामीणों ने बताया कि वे इस इलाके में पिछले 50 वर्षों से अधिक समय से रह रहे हैं। यह क्षेत्र पहले कोयला खदान क्षेत्र रहा है और जमीन के नीचे आग या पुरानी खाली खदानों के कारण अक्सर इस तरह के खतरे बने रहते हैं।

सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे लोग

लगातार बढ़ते खतरे को देखते हुए कई परिवारों ने अपने घरों से कीमती सामान निकाल लिया है और रिश्तेदारों या अन्य सुरक्षित स्थानों पर शरण ले रहे हैं। लोगों का कहना है कि प्रशासन को जल्द से जल्द इलाके का सर्वे कराकर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर बसाने की व्यवस्था करनी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button