Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: झारखण्ड के पूर्व सीएम चंपाई सोरेन के पोते वीर सोरेन का कुल्लू में आकस्मिक निधन, जिलिंगोड़ा में बाहा पर्व का कार्यक्रम रद्द

गम्हरिया/जिलिंगोड़ा: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कद्दावर नेता चंपाई सोरेन के पोते वीर सोरेन (19) का हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में मंगलवार को निधन हो गया। वीर सोरेन, चंपाई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन के बेटे थे। इस हृदयविदारक घटना की सूचना मिलते ही पूरे सरायकेला-खरसावां जिले और सोरेन परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

स्केटिंग के बाद बिगड़ी थी तबीयत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीर सोरेन घर से बाहर रहकर पढ़ाई कर रहे थे। मंगलवार को वह अपने दोस्तों के साथ हिमाचल प्रदेश के कुल्लू घूमने गए थे। बताया जा रहा है कि वीर सोरेन ने दोस्तों के साथ बर्फ में स्केटिंग का आनंद लिया।स्केटिंग के बाद जब वह होटल लौटे, तो अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश उनका निधन हो गया।

कुल्लू रवाना हुए चंपाई सोरेन

घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन अपने पैतृक गांव से तुरंत रांची पहुंचे। मंगलवार देर रात ही वे अपने पुत्र सिमल सोरेन, बबलू सोरेन और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ हवाई मार्ग से दिल्ली के लिए रवाना हो गए, जहाँ से वे कुल्लू पहुंचेंगे।

बाहा पर्व का कार्यक्रम स्थगित

वीर सोरेन के निधन का असर उनके पैतृक गांव जिलिंगोड़ा में भी दिखा। मंगलवार को गाँव के जाहेर थान पर बाहा पर्व का भव्य आयोजन होना था, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री खुद शामिल होने वाले थे। लेकिन इस दुखद समाचार के बाद उत्सव की खुशियां मातम में बदल गईं और कार्यक्रम को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button